
रेप और चीटिंग के आरोप
देहरादून। आम आदमी पार्टी विधायक हरमीत सिंह ढिल्लों पठानमाजरा पुलिस कस्टडी से फरार हो गए। उन पर एक महिला की शिकायत के आधार पर रेप, चीटिंग और क्रिमिनल इंटिमिडेशन जैसे गंभीर आरोपों में FIR दर्ज है।
जानकारी के मुताबिक, कर्नाल में पुलिस उन्हें एक लोकल स्टेशन ले जा रही थी। इसी दौरान विधायक और उनके साथियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिससे एक जवान घायल हो गया। भागने के प्रयास में उन्होंने SUV चढ़ाकर एक अन्य पुलिसकर्मी को भी घायल कर दिया और स्कॉर्पियो में फरार हो गए। पुलिस ने मौके से एक फॉर्च्यूनर गाड़ी जब्त की है और उनकी तलाश तेज कर दी गई है।
यह कार्रवाई ज़िरकपुर की एक महिला की शिकायत पर की गई थी। महिला का आरोप है कि विधायक ने खुद को तलाकशुदा बताकर उसके साथ संबंध बनाए और 2021 में शादी भी की, जबकि उनकी पहली शादी उस समय भी बरकरार थी। महिला ने यौन शोषण, अश्लील कंटेंट भेजने और धमकाने जैसे आरोप लगाए हैं।
46 वर्षीय पठानमाजरा 12वीं पास हैं और 2017 में निर्दलीय चुनाव लड़ चुके हैं। 2022 में उन्होंने AAP के टिकट पर जीत दर्ज की और अकाली दल के उम्मीदवार हरिंदर पाल सिंह चंदूमाजरा को 49,122 वोटों से हराया था।
विधायक ने आरोपों को राजनीतिक साजिश बताया है। FIR दर्ज होने के बाद वह फेसबुक लाइव आए और दिल्ली नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पंजाब में उन्हें साजिश के तहत निशाना बनाया जा रहा है। वहीं, उनके वकील एडवोकेट सिमरनजीत सिंह सग्गू का कहना है कि महिला ने कोर्ट में खुद लिव-इन रिलेशनशिप स्वीकार की है, इसलिए मामला कमजोर है।
पुलिस का कहना है कि विधायक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है और उन्हें जल्द हिरासत में लिया जाएगा।



