नाबालिग से दुष्कर्म का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, होटल मैनेजर और संचालक भी दबोचे

ऋषिकेश में 16 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म का आरोप, मुख्य आरोपी हरिद्वार से पकड़ा गया
होटल प्रबंधन की भूमिका सामने आने पर लाइसेंस निरस्त करने की रिपोर्ट भेजी
ऋषिकेश में 16 वर्षीय नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मुख्य आरोपी 21 वर्षीय सोफियान पुत्र तुफैल अहमद निवासी ग्राम गढ़ी, थाना जानसठ, मुजफ्फरनगर को गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा पुलिस ने होटल गंगा इन के मैनेजर और संचालक को भी गिरफ्तार किया है। जांच में होटल प्रबंधन की भूमिका सामने आने के बाद होटल का लाइसेंस निरस्त करने के लिए सराय एक्ट के तहत उपजिलाधिकारी ऋषिकेश को रिपोर्ट भेजी गई है।
एसपी देहात देहरादून जया बलूनी ने बताया कि पीड़िता के पिता ने 30 अगस्त 2026 को कोतवाली ऋषिकेश में तहरीर दी थी। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार, तहरीर में आरोप लगाया गया कि 29 अगस्त को मुजफ्फरनगर निवासी सोफियान 16 वर्षीय किशोरी को बहला-फुसलाकर पुराने रेलवे स्टेशन के पास स्थित होटल गंगा इन में ले गया। आरोप है कि होटल में आरोपी ने किशोरी के साथ मारपीट की और दुष्कर्म किया। घटना के बाद किशोरी की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद परिजन उसे उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश लेकर पहुंचे, जहां उसे भर्ती कराया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने मुख्य आरोपी सोफियान को हरिद्वार में फ्लाईओवर के नीचे से गिरफ्तार कर लिया।
POCSO समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा
कोतवाली ऋषिकेश में मुकदमा अपराध संख्या 431/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने बीएनएस की धारा 137(2), 65, 115(2), 123 और 123बी के साथ पॉक्सो एक्ट की धारा 5/6 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। जांच के दौरान होटल प्रबंधन की भूमिका सामने आने पर मैनेजर और संचालक को भी गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने होटल का लाइसेंस निरस्त करने के लिए सराय एक्ट के तहत उपजिलाधिकारी ऋषिकेश को रिपोर्ट भेज दी है। मामले में पुलिस की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।



