Breaking Newsउत्तराखंड
Trending

एक साथ दो वाहन बहे प्रेमनगर कंडोली-बिधोली रपटे में , MBBS छात्रा समेत दो की मौत, तीन का रेस्क्यू

रात में नहीं भांप सके बरसाती रपटे के बहाव की रफ्तार

तेज बहाव में करीब दो किलोमीटर तक बह गई क्रेटा, पुलिस-एसडीआरएफ ने चलाया संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन

देहरादून। प्रेमनगर क्षेत्र में कंडोली-बिधोली के बीच बरसाती रपटे ने सोमवार देर रात दो अलग-अलग वाहनों में सवार पांच लोगों को मुसीबत में डाल दिया। तेज बहाव की चपेट में आकर दोनों वाहन बह गए। हादसे में राजस्थान के दो युवाओं की मौत हो गई, जबकि तीन लोगों को पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की संयुक्त टीम ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

हादसे की सूचना मिलते ही प्रेमनगर पुलिस आपदा प्रबंधन उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। इसके बाद एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमें भी रेस्क्यू में जुट गईं। तलाशी के दौरान नदी के बहाव में काफी दूर तक पहुंच चुकी स्कॉर्पियो एन में दो युवक मिले। टीम ने हरियाणा निवासी 22 वर्षीय संभव को सुरक्षित निकाल लिया, जबकि उसके साथ सवार जयपुर निवासी 21 वर्षीय अक्षय की मौत हो चुकी थी। उसका शव वाहन से बरामद किया गया।

क्रेटा भी बहकर दो किलोमीटर दूर पहुंची

दूसरा हादसा क्रेटा कार के साथ हुआ। इसमें तीन लोग सवार थे। तेज पानी के बहाव में कार करीब दो किलोमीटर दूर तक बह गई। रेस्क्यू टीम ने 22 वर्षीय अंश बवेजा निवासी श्रीगंगानगर और 18 वर्षीय सहजप्रीत कौर को सुरक्षित निकाल लिया। वहीं, उनके साथ सवार 19 वर्षीय कनन सचदेवा की मौत हो गई। नदी से उसका शव बरामद किया गया।

छात्रा को देहरादून छोड़ने आए थे परिजन

पुलिस के मुताबिक, दोनों वाहनों में सवार लोग प्रेमनगर क्षेत्र के निजी शिक्षण संस्थानों से जुड़े थे। स्कॉर्पियो में सवार दोनों युवक यहां पढ़ाई कर रहे थे। वहीं क्रेटा में सवार युवती का भी प्रेमनगर क्षेत्र के एक निजी संस्थान में दाखिला हुआ था और उसे छोड़ने के लिए लोग राजस्थान से देहरादून आए थे। मृतका कनन सचदेवा श्रीगंगानगर की रहने वाली थी और वहां की टाटिया यूनिवर्सिटी में एमबीबीएस की छात्रा थी।

पुलिस के अनुसार, रात के अंधेरे में रपटे पर पानी के तेज बहाव का अंदाजा नहीं लग पाने के कारण दोनों वाहन उसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद रातभर रेस्क्यू अभियान चलाकर तीन लोगों की जान बचाई गई, जबकि दो शव बरामद किए गए।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button