Breaking Newsअपराधउत्तराखंड
Trending

नैनीताल-उत्तरकाशी अदालतों को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप

ई-मेल के जरिए बम होने का दावा, बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की तैनाती

अब तक कुछ संदिग्ध नहीं मिला, जांच जारी

देहरादून/नैनीताल/उत्तरकाशी। नैनीताल और उत्तरकाशी समेत उत्तराखंड के कई न्यायालय परिसरों को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने से सोमवार को हड़कंप मच गया। जिला एवं सत्र न्यायालयों में सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अदालत परिसरों को खाली कराया और पुलिस, बम निरोधक दस्ता तथा डॉग स्क्वॉड की मदद से सघन जांच अभियान चलाया।

उत्तरकाशी कोर्ट में अफरा-तफरी

जिला न्यायालय उत्तरकाशी को भी धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जिला जज की सूचना पर पुलिस ने एहतियातन पूरा न्यायालय परिसर खाली कराया। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस और इंटेलिजेंस टीम को अलर्ट मोड पर रखा गया।

नगर कोतवाल भावना कैंथोला के अनुसार, मेल में परिसर में आरडीएक्स होने का दावा किया गया था, जिसके बाद तत्काल जांच शुरू कर दी गई।

नैनीताल कोर्ट में भी हाई अलर्ट

नैनीताल जिला न्यायालय के आधिकारिक ई-मेल पर धमकी मिलने के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। ई-मेल में जजों के चैंबर में विस्फोटक लगाए जाने का दावा किया गया था। सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता और अन्य एजेंसियों ने पूरे परिसर की तलाशी ली।

नैनीताल एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बताया कि एसओपी के तहत कोर्ट परिसरों में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया गया है और अब तक किसी प्रकार की संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। पुलिस ई-मेल भेजने वाले की पहचान और आईपी एड्रेस ट्रेस करने में जुटी है।

रामनगर और हल्द्वानी कोर्ट भी निशाने पर

नैनीताल जिले के रामनगर और हल्द्वानी अदालत परिसरों को भी इसी तरह की धमकी मिली। मेल में जजों के चैंबर में 12 आरडीएक्स और आईईडी लगाए जाने का दावा किया गया था। इसके बाद कोर्ट परिसरों को खाली कराकर तलाशी अभियान चलाया गया और आम लोगों की आवाजाही रोक दी गई।

अदालती कामकाज प्रभावित

सुरक्षा जांच के चलते दिनभर कई जगह अदालतों का कामकाज प्रभावित रहा। वकीलों, न्यायिक कर्मचारियों और आम लोगों को बाहर निकालकर परिसर को सील किया गया। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। एसएसपी के अनुसार, धमकी भरा ई-मेल अज्ञात व्यक्ति द्वारा भेजा गया था। सभी संबंधित कोर्ट परिसरों में बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड तैनात कर जांच कराई जा रही है। फिलहाल जांच में कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं।

प्रशासन के अनुसार स्थिति नियंत्रण में है और फिलहाल धमकी को गंभीरता से लेते हुए सभी सुरक्षा मानकों के तहत जांच की जा रही है। पुलिस ने साफ किया है कि जांच पूरी होने तक सतर्कता जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button