बिग ब्रेकिंग: बंद कमरे में महिला को गोली मार युवक ने खुद की भी ली जान

विकासनगर में किराये के कमरे में हुई वारदात, गंभीर रूप से घायल महिला हायर सेंटर रेफर, प्रेम प्रसंग के एंगल से जांच में जुटी पुलिस
देहरादून। राजधानी देहरादून के विकासनगर क्षेत्र में बुधवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई। कल्याणपुर इलाके के एक किराये के कमरे में एक युवक ने पहले एक महिला को गोली मार दी और इसके तुरंत बाद खुद को भी गोली मार ली। घटना में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 10 बजे के आसपास स्थानीय लोगों ने कमरे से गोली चलने की आवाज सुनी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। इसके बाद पुलिस ने खिड़की के रास्ते कमरे में प्रवेश किया, जहां युवक और महिला खून से लथपथ पड़े मिले।
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान चकराता निवासी कमलेश के रूप में हुई है, जबकि घायल महिला उत्तरकाशी निवासी संगीता बताई जा रही है। कमलेश की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि महिला को पहले विकासनगर अस्पताल ले जाया गया और हालत गंभीर होने पर देहरादून के हायर सेंटर भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि घटना के समय महिला के दोनों बच्चे स्कूल गए हुए थे, जिससे वे सुरक्षित रहे। मौके से घटना में प्रयुक्त तमंचा बरामद कर लिया गया है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य और फिंगरप्रिंट भी एकत्र किए हैं। विकासनगर के कल्याणपुर में किराए के मकान में रह रही संगीता, जिसकी शादी प्रीतम नेगी से हुई थी, बच्चों की बेहतर शिक्षा के लिए पिछले करीब छह वर्षों से परिवार से अलग रह रही थी। विवाह से पहले उसके कमलेश से प्रेम संबंध थे और शादी के बाद भी दोनों के बीच संपर्क बना रहा, लेकिन जब 14 वर्षीय बेटी और 9 वर्षीय बेटे ने कमलेश के घर आने पर सवाल उठाने शुरू किए तो संगीता ने परिवार और बच्चों के भविष्य को प्राथमिकता देते हुए उससे दूरी बनानी शुरू कर दी। उधर, होटल कारोबार में लगातार घाटे और दो साल पहले हुए तलाक के बाद आर्थिक व मानसिक संकट से जूझ रहे कमलेश ने इस दूरी को स्वीकार नहीं किया और कथित तौर पर खौफनाक साजिश रच डाली। पुलिस को उसके बैग से मिले दो पन्नों के सुसाइड नोट में लिखा मिला कि, “संगीता मेरी नहीं हुई तो मैं उसे नेगी की भी नहीं होने दूंगा,” साथ ही दोनों की चिता एक साथ जलाने जैसी बातें भी लिखी गई हैं। कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण के अनुसार, पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कमलेश के पास अवैध हथियार कहां से आया और उसका कोई आपराधिक इतिहास रहा है या नहीं।
क्षेत्राधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए महिला के बयान, फोरेंसिक रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।




