Breaking Newsउत्तराखंड
Trending

बदरीनाथ चढ़ावा चोरी पर AAP का हल्ला बोल, प्रदेशभर में फूंका सरकार का पुतला

देहरादून। बदरीनाथ धाम में चढ़ावे और दानपात्र से कथित चोरी के मामले को लेकर आम आदमी पार्टी ने बुधवार को पूरे उत्तराखंड में विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने विभिन्न जिलों में राज्य सरकार का पुतला दहन कर मामले की उच्चस्तरीय जांच, दोषियों पर कार्रवाई और बदरी-केदार मंदिर समिति की जवाबदेही तय करने की मांग उठाई।

बदरीनाथ धाम में चढ़ावे और दानपात्र से कथित चोरी के मामले को लेकर आम आदमी पार्टी ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। पार्टी ने आरोप लगाया कि चारधाम जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में सरकार और बदरी-केदार मंदिर समिति पूरी तरह विफल रही है।

पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष उमा गौड़ सिसोदिया ने कहा कि बदरीनाथ जैसे विश्व प्रसिद्ध तीर्थस्थल में श्रद्धालुओं के चढ़ावे की सुरक्षा सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी कैमरे, पुलिस व्यवस्था और बदरी-केदार मंदिर समिति की मौजूदगी के बावजूद चोरी होना गंभीर लापरवाही का मामला है। उनका आरोप है कि पहले केदारनाथ धाम और अब बदरीनाथ में सामने आए मामलों ने प्रदेश की छवि को नुकसान पहुंचाया है।

प्रदेश महासचिव श्याम बाबू पाण्डेय ने कहा कि चारधाम से करोड़ों रुपये का राजस्व प्राप्त होता है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था पर्याप्त नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार धार्मिक स्थलों को पर्यटन और कॉरिडोर के नाम पर राजस्व का स्रोत बना रही है, जबकि सुरक्षा को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। पार्टी ने मांग की कि पूरे मामले की जांच उच्च न्यायालय के किसी न्यायाधीश की निगरानी में कराई जाए। साथ ही बदरी-केदार मंदिर समिति की जिम्मेदारी तय करते हुए संबंधित अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए। आम आदमी पार्टी ने चारों धामों में सीसीटीवी निगरानी, दानपात्रों पर डबल लॉक सिस्टम लागू करने तथा पिछले तीन वर्षों के चढ़ावे का ऑडिट कर श्वेत पत्र जारी करने की भी मांग की।

इन्हीं मांगों को लेकर बुधवार को प्रदेश अध्यक्ष उमा गौड़ सिसोदिया के नेतृत्व में देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश, पौड़ी, टिहरी, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, बागेश्वर, चंपावत, नैनीताल तथा तराई क्षेत्र के विभिन्न जिलों में राज्य सरकार का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया गया।

देहरादून जिला मुख्यालय पर आयोजित प्रदर्शन में प्रदेश अध्यक्ष उमा गौड़ सिसोदिया, प्रदेश महासचिव श्याम बाबू पाण्डेय, प्रदेश मीडिया प्रभारी विपिन खन्ना, मुख्य प्रवक्ता डी.एस. कोटलिया, कोषाध्यक्ष शरद जैन, उपाध्यक्ष नासिर खान, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर भट्ट, युवा मोर्चा अध्यक्ष हिमांशु पुंडीर, शैलेश तिवारी, आकेश भट्ट, विनोद बजाज, धीरेंद्र सिंह, राजीव तोमर सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button