Breaking Newsउत्तराखंड
Trending

डोईवाला में भीषण सड़क हादसे में चार की मौत, तीन घायल

मणिमाई मंदिर के पास पिकअप का टायर निकलने से बिगड़ा संतुलन, पीछे से आ रही इको वैन भी टकराई

देहरादून/डोईवाला। डोईवाला क्षेत्र में बुधवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। दुर्घटना मणिमाई मंदिर के पास हुई, जहां देहरादून की ओर से आ रहे पिकअप वाहन का पिछला टायर अचानक निकल गया। वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे डिवाइडर से टकरा गया। इसी दौरान पीछे से आ रही इको वैन पिकअप से जा भिड़ी।

पुलिस के अनुसार हादसा सुबह करीब 10:40 बजे हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इको वैन का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल में उपचार के दौरान चार घायलों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान नरेश (42) पुत्र महावीर, निवासी टिकट वाली गली, रेलवे रोड, रोहतक (हरियाणा) और विनोद निवासी रोहतक (हरियाणा) के रूप में हुई है। वहीं, दो अन्य मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। पुलिस उनकी शिनाख्त के प्रयास कर रही है।

हादसे में घायल तीन लोगों का उपचार चल रहा है। घायलों में विपेंद्र सिंह (35) पुत्र रामबरन सिंह निवासी रेलवे रोड (हरियाणा) और विक्की पुत्र रामभरोसे निवासी ग्राम गिन्नौर, बदायूं (उत्तर प्रदेश) शामिल हैं। तीसरे घायल का उपचार जॉली ग्रांट अस्पताल में चल रहा है, उसकी पहचान अभी नहीं हो पाई है।

पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही मृतकों और घायल व्यक्ति की पहचान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button