धारचूला में बोल्डर गिरने से वैलीब्रिज ध्वस्त, चीन-नेपाल सीमा से जुड़ी घाटियों का संपर्क कटा

पिथौरागढ़। धारचूला क्षेत्र में मंगलवार देर रात बारिश के दौरान पहाड़ी से भारी बोल्डर गिरने से कूलागाड़ के पास काली नदी पर बना वैलीब्रिज क्षतिग्रस्त होकर नदी में जा गिरा। यह पुल धारचूला-तवाघाट मोटर मार्ग पर स्थित था और सामरिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। पुल टूटने से चौदस, दारमा और व्यास घाटी सहित सीमांत क्षेत्रों का जिला मुख्यालय से संपर्क प्रभावित हो गया है।
पुल के ध्वस्त होने से भारत-चीन और भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में आवाजाही पर भी असर पड़ा है। इसके साथ ही कैलाश-मानसरोवर यात्रा पर आए यात्रियों के सामने भी नई चुनौती खड़ी हो गई है।
मानसरोवर यात्रियों के 9वें दल की आवाजाही प्रभावित
बुधवार को कैलाश-मानसरोवर यात्रा का 9वां दल भारत में प्रवेश करने वाला है। इस दल में 48 यात्री और कुमाऊं मंडल विकास निगम के तीन कुक शामिल हैं। यात्रियों को धारचूला पहुंचना है, लेकिन पुल टूटने के कारण उनकी आगे की आवाजाही प्रभावित होने की आशंका है।
वहीं, यात्रा का 10वां दल फिलहाल तिब्बत में है और 23 अगस्त को भारत में प्रवेश करेगा। इस दल में 44 यात्री और तीन कुक शामिल हैं।
बीआरओ ने शुरू किए वैकल्पिक इंतजाम
पुल टूटने की सूचना के बाद प्रशासन और सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की टीम वैकल्पिक मार्ग तैयार करने में जुट गई है। प्रशासन के अनुसार बुधवार शाम तक डायवर्जन तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि सीमांत क्षेत्रों में आवागमन बहाल किया जा सके।




