
एंबुलेंस सड़क के गड्ढे से टकराई तो लगा जोरदार झटका, मृत समझी जा रही महिला ने फिर से लेना शुरू कर दी सांस
कभी-कभी जिंदगी ऐसे मोड़ पर लौट आती है, जहां उम्मीद लगभग खत्म हो चुकी होती है। जिस महिला के लिए परिवार अंतिम संस्कार की तैयारी तक करने लगा था, वह अचानक फिर से सांस लेने लगी। कुछ ऐसा ही हैरान कर देने वाला मामला सामने आया, जब डॉक्टरों द्वारा लगभग मृत मान ली गई एक महिला ने अचानक फिर से सांस लेना शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि एंबुलेंस के सड़क पर बने एक बड़े गड्ढे से टकराने के बाद लगे जोरदार झटके के साथ ही महिला के शरीर में हलचल होने लगी।
कौन कहता है कि चमत्कार नहीं होते? उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में एक ऐसा वाक्या हुआ है जिसे सुनकर आप भी दांतों तले उंगली दबा लेंगे। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले की रहने वाली 50 वर्षीय विनीता शुक्ला अचानक अपने घर पर काम करते गिरकर बेहोश हो गई थीं। परिजन उन्हें इलाज के लिए पहले पीलीभीत के ऑटोनॉमस स्टेट मेडिकल कॉलेज ले गए। वहां उनकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए बरेली के एक बड़े अस्पताल में रेफर कर दिया।
बरेली के अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने विनीता शुक्ला की हालत बेहद गंभीर बताई। मेडिकल जांच में उनके ब्रेनस्टेम रिफ्लेक्सेस काम नहीं कर रहे थे और ग्लासगो कोमा स्केल भी सामान्य स्तर से काफी नीचे पहुंच गया था। डॉक्टरों ने परिवार को बताया कि मरीज के बचने की संभावना बहुत कम है। बाद में उन्हें ‘ब्रेन डेड’ घोषित कर दिया गया और अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
24 फरवरी को विनीता शुक्ला के पति कुलदीप कुमार शुक्ला उन्हें एंबुलेंस से लेकर घर के लिए निकल पड़े। परिवार इस दुखद स्थिति के लिए मानसिक रूप से तैयार हो चुका था। यहां तक कि उन्होंने घर पर अंतिम संस्कार की तैयारी करने के लिए भी कह दिया था।
रास्ते में बरेली-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग-74 पर एंबुलेंस के एक बड़े गड्ढे से टकराने के कारण वाहन को तेज झटका लगा। इसी झटके के बाद अचानक ऐसा हुआ जिसकी किसी को उम्मीद नहीं थी। विनीता शुक्ला ने दोबारा सामान्य तरीके से सांस लेना शुरू कर दिया।
परिजनों के अनुसार झटका लगते ही अचानक महिला के शरीर में हरकत हुई और उन्होंने सामान्य रूप से सांस लेना शुरू कर दिया। यह देखकर एंबुलेंस में मौजूद सभी लोग हैरान रह गए। महिला के पति कुलदीप कुमार शुक्ला ने बताया कि डॉक्टरों की बात सुनकर परिवार ने लगभग उम्मीद छोड़ दी थी और अंतिम संस्कार की तैयारी तक की बात होने लगी थी, लेकिन अचानक हुई इस घटना ने सबको चौंका दिया।
इसके बाद परिजन तुरंत एंबुलेंस को वापस अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने महिला की दोबारा जांच की। फिलहाल इस घटना को लेकर लोग इसे किसी चमत्कार से कम नहीं मान रहे हैं, जबकि विशेषज्ञों का कहना है कि संभव है महिला पूरी तरह ‘ब्रेन-डेड’ न होकर गहरी बेहोशी या कोमा की स्थिति में रही हों।




