Breaking Newsअपराधउत्तराखंड
Trending

दोस्तों ने की युवक की हत्या, बेसबॉल बैट से वार कर शव ठिकाने लगाया

देहरादून: देहरादून में बढ़ते अपराधों के बीच एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि युवक दिगंबर धीमान की हत्या उसके ही दोस्तों ने नशे की हालत में विवाद के बाद कर दी। आरोप है कि बेसबॉल बैट से सिर पर वार करने से उसकी मौत हुई, जिसके बाद आरोपी शव को टैक्सी से हरिद्वार ले जाकर ठिकाने लगाकर फरार हो गए। फिलहाल तीनों आरोपी पुलिस हिरासत में हैं और शव बरामदगी के प्रयास जारी हैं।

गुमशुदगी से हत्या तक पहुंची जांच

परिजनों ने युवक के घर नहीं लौटने पर 11 फरवरी को नगर कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस जांच और लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर जब तीन युवकों को शक के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। पुलिस के अनुसार, युवक की हत्या उसके दोस्तों ने ही की थी और शव को छिपाने की साजिश भी रची गई।

कोर्ट से निकलने के बाद दोस्तों के साथ गया था युवक

जानकारी के मुताबिक, दिगंबर धीमान 9 फरवरी को अपने पिता के साथ कोर्ट में पेशी के लिए गया था, जहां रजिस्टर में उसके हस्ताक्षर भी मौजूद हैं। पेशी किसी कारणवश नहीं हो सकी। इसके बाद उसने अपने पिता को घर भेज दिया और बताया कि वह दोस्तों के साथ बाहर जा रहा है। शाम तक घर न लौटने पर परिवार चिंतित हो गया।

पार्टी में शराब पीने के बाद हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, कोर्ट से निकलने के बाद युवक रेसकोर्स इलाके की गड्ढों वाली गली में अपने दोस्तों के पास गया, जहां रात में पार्टी के दौरान चारों ने शराब पी। नशे की हालत में किसी बात को लेकर बहस हुई, जो मारपीट में बदल गई। इसी दौरान तीन दोस्तों ने बेसबॉल बैट से उसके सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

शव को हरिद्वार ले जाकर लगाया ठिकाने

पुलिस सूत्रों के अनुसार, हत्या के बाद आरोपी घबरा गए और शव को टैक्सी से हरिद्वार ले जाकर ठिकाने लगा दिया। पुलिस को आरोपियों से शव के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली है और जल्द बरामदगी का दावा किया जा रहा है।

पुराना POCSO केस भी आया सामने

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दिगंबर धीमान के खिलाफ वर्ष 2021 में बसंत विहार थाने में POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ था, जिसमें उसे जमानत मिल चुकी थी।

बसंत विहार थाना प्रभारी अशोक राठौड़ के अनुसार, “बेसबॉल बैट से सिर पर वार किया गया, जो मौत का मुख्य कारण बना। आरोपियों से पूछताछ जारी है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button