युवती की निर्मम हत्या से हड़कंप, झाड़ियों में मिला शव
विकासनगर में हरबर्टपुर रोड पर खौफनाक वारदात

ताऊ के बेटे पर हत्या का आरोप , दरांती से वार की आशंका
विकासनगर। ढालीपुर क्षेत्र में बुधवार रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बोक्सा बस्ती जाने वाले मार्ग पर सड़क किनारे झाड़ियों के बीच एक युवती का लहूलुहान शव देखा गया। खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और सूचना पुलिस तक पहुंची, जिसके बाद पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो गया।
विकासनगर कोतवाली और क्षेत्राधिकारी की टीम मौके पर पहुंची तो युवती के सिर पर गहरे चोट के निशान मिले, जिससे हत्या की पुष्टि हुई। फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल को घेरकर फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी के जरिए अहम साक्ष्य जुटाए।
स्थानीय निवासियों की मदद से मृतका की पहचान मनीषा पुत्री आनंद सिंह, निवासी बोक्सा बस्ती ढालीपुर के रूप में हुई। परिजनों ने पुलिस को बताया कि मनीषा शाम को अपने ताऊ के बेटे सुरेंद्र उर्फ मान्डू के साथ मोटरसाइकिल से अस्पताल जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटी।
मामले में मृतका के पिता की तहरीर पर कोतवाली विकासनगर में धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने घटनास्थल के पास से अभियुक्त की मोटरसाइकिल और हत्या में प्रयुक्त दरांती बरामद कर ली है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह दरांती आरोपी ने दो दिन पहले खरीदी थी।
फरार आरोपी की तलाश में कई टीमें गठित कर आसपास के इलाकों में दबिश दी जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें न्याय का भरोसा दिलाया और अधिकारियों को जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
इलाके में इस वारदात के बाद तनाव और दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी है।




