
4 घंटे बाद भी पूरी तरह काबू नहीं
देहरादून/सेलाकुई।
सेलाकुई इंडस्ट्रियल एरिया में रविवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब परफ्यूम बनाने वाली जय श्री बालाजी इंडस्ट्रीज फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। दोपहर करीब 2 बजे लगी आग की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड को मौके पर बुलाया गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और फैक्ट्री से उठता धुएं का गुबार करीब 800 मीटर दूर से साफ दिखाई देने लगा।
धमाकों के बीच आग बुझाने में जुटी टीमें
फैक्ट्री परिसर में रखे परफ्यूम और केमिकल सामग्री के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। अंदर से लगातार सिलिंडर धमाकों की आवाजें सुनाई देती रहीं, जिससे आग बुझाने का कार्य बेहद जोखिम भरा हो गया। आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की 12 से 13 गाड़ियां, पुलिस बल और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर तैनात की गईं। शुरुआती चरण में चार दमकल वाहनों से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया, जिसे बाद में और तेज किया गया।
पास की फैक्ट्रियों पर भी खतरा, सामान निकाला गया
आग के फैलने की आशंका को देखते हुए बगल की फैक्ट्रियों से एहतियातन सामान बाहर निकाला गया। फायर ब्रिगेड ने मोर्चा संभालते हुए आग को आसपास की कंपनियों तक फैलने से रोकने में सफलता पाई।
लाखों का नुकसान, जनहानि नहीं
मौके पर मौजूद फायर ऑफिसर दया किशन ने बताया कि केमिकल और ज्वलनशील पदार्थों की अधिकता के कारण आग तेजी से फैल रही है। आग में फैक्ट्री का लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया, हालांकि राहत की बात यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। आग की चपेट में आकर 2–3 मजदूर हल्के रूप से झुलस गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विधायक ने बताया बेहद जोखिम भरा ऑपरेशन
घटनास्थल पर पहुंचे सहसपुर विधायक सहदेव पुंडीर ने कहा कि आग बुझाने की कार्रवाई अत्यंत जोखिम भरी रही। जितनी आग बुझाई जा रही थी, उतनी ही तेजी से फैल भी रही थी, लेकिन दमकल कर्मियों की बहादुरी और सतर्कता से आसपास की फैक्ट्रियों को बचा लिया गया।
समाचार लिखे जाने तक आग पर काबू पाने की कोशिशें जारी थीं और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।




