उत्तराखंड

पोल्ट्री फार्म में हजारों मुर्गियों की मौत से दहशत

बर्ड फ्लू की पुष्टि, एक किमी क्षेत्र संक्रमित घोषित, चिकन बिक्री पर रोक

किच्छा , 17 अगस्त: किशनपुर क्षेत्र स्थित एक पोल्ट्री फार्म में अचानक हजारों मुर्गियों की मौत ने नगर और ग्रामीण इलाकों में हड़कंप मचा दिया। जांच रिपोर्ट में बर्ड फ्लू की पुष्टि होने के बाद प्रशासन अलर्ट हो गया है। एहतियातन एक किमी दायरे को संक्रमित तथा 10 किमी परिधि को सतर्क क्षेत्र घोषित किया गया है।

शनिवार को सूचना मिलते ही एसडीएम गौरव पांडे, तहसीलदार गिरीश चंद त्रिपाठी, ईओ गुरमीत सिंह और पशु चिकित्सक डॉ. मृगेश चौधरी मौके पर पहुंचे और प्रभावित पोल्ट्री फार्म का निरीक्षण किया। रिपोर्ट आईवीआरआई बरेली से मिली, जिसमें बर्ड फ्लू पॉजिटिव पाया गया। इसके बाद फार्म में मौजूद सभी मुर्गियों को गहरे गड्ढों में दबा दिया गया।

एसडीएम पांडे ने बताया कि फिलहाल नगर और आसपास के सभी मीट विक्रेताओं की दुकानें बंद करा दी गई हैं। चिकन बिक्री और परिवहन पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। हाईवे पर वाहनों की चेकिंग की जा रही है और अवैध रूप से मुर्गियां ले जाते पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने लोगों से अपील की कि फिलहाल पोल्ट्री उत्पादों का सेवन न करें और शौकिया तौर पर मुर्गियां पालने वाले ग्रामीण भी सतर्क रहें। किसी भी लक्षण की स्थिति में तत्काल पशु चिकित्सकों से संपर्क करें। प्रशासन का कहना है कि यह कदम जनता की सुरक्षा और स्वास्थ्य हित में उठाए गए हैं।

Related Articles

Back to top button