देश
Trending

कड़ाके की सर्दी का अलर्ट: 17 दिसंबर से सक्रिय होगा पहला बड़ा वेस्टर्न डिस्टर्बेंस, पहाड़ों पर भारी बर्फबारी के आसार

इस हफ्ते से कड़ाके की सर्दी पड़ने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, इस सर्दी का पहला बड़ा पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) 17 दिसंबर को हिमालयी राज्यों में प्रवेश करेगा। इसके प्रभाव से 18 से 20 दिसंबर के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में अच्छी बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है।

हिमाचल और उत्तराखंड में बर्फबारी की संभावना

हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से ठंड और बढ़ गई है। आज ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का अनुमान है। मौसम विभाग ने उत्तराखंड के उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है, जिससे तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और गिर सकता है।

कश्मीर में ‘चिल्लई कलां’ की शुरुआत

कश्मीर घाटी में 21 दिसंबर से सर्दियों का सबसे कठोर दौर ‘चिल्लई कलां’ शुरू होगा, जो 40 दिनों तक चलेगा। इस दौरान कड़ाके की ठंड, भारी बर्फबारी और पाला पड़ने की स्थिति रहती है।

18–19 दिसंबर को बर्फबारी का अलर्ट

पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में 18 और 19 दिसंबर को अच्छी बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है। इससे पहले 4 और 5 नवंबर को इन इलाकों में व्यापक बारिश और बर्फबारी हुई थी, जबकि अक्टूबर के पहले हफ्ते में ऊपरी क्षेत्रों का लगभग 80 प्रतिशत हिस्सा बर्फ से ढक गया था।

मौसम विभाग ने लोगों को ठंड और बर्फबारी को देखते हुए सतर्क रहने और आवश्यक एहतियात बरतने की सलाह दी है।

21–22 दिसंबर को तेजी से गिरेगा तापमान

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 21 और 22 दिसंबर को पहाड़ों से बादल छंटते ही तापमान में तेज गिरावट दर्ज की जाएगी। तापमान सामान्य से 5 से 6 डिग्री सेल्सियस तक नीचे जा सकता है। उत्तर से चलने वाली सर्द हवाएं उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और मध्य भारत तक पहुंचेंगी, जिससे मैदानी इलाकों में ठंड का प्रकोप काफी बढ़ जाएगा।

राजस्थान और मध्य प्रदेश का हाल

राजस्थान में फिलहाल वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण सर्दी का असर कुछ कम हुआ है। न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वहीं मध्य प्रदेश में अगले तीन दिन तक शीतलहर का कोई अलर्ट नहीं है, हालांकि तापमान लगातार गिर रहा है। प्रदेश का शहडोल स्थित कल्याणपुर सबसे ठंडा रहा, जहां शनिवार रात न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

दिल्ली में AQI खतरनाक स्तर पर

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वायु गुणवत्ता बेहद खराब बनी हुई है। आज दिल्ली का AQI 497 तक पहुंच गया। हालात को देखते हुए कल ही GRAP-IV लागू किया गया था। उल्लेखनीय है कि पिछले हफ्ते राज्यसभा में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा था कि इस साल दिल्ली का AQI 450 के पार नहीं गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button