
हरिद्वार जनपद के सभी सरकारी कार्यालय रहे बंद
हरिद्वार। उत्तराखंड राज्य आंदोलन के अग्रणी सेनानी और पूर्व कैबिनेट मंत्री दिवाकर भट्ट का आज दोपहर खड़खड़ी श्मशान घाट पर राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। उनके पुत्र ललित भट्ट ने उन्हें मुखाग्नि दी।
दिवाकर भट्ट के निधन पर हरिद्वार जनपद के सभी सरकारी कार्यालय बंद रहे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोभाल ने दिवंगत नेता को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। अंतिम दर्शन और शव यात्रा में जनसैलाब उमड़ पड़ा। विभिन्न जनपदों से आए राजनीतिक, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और आमजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
अंतिम यात्रा में जिन प्रमुख नेताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की, उनमें पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमेश पोखरियाल निशंक, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, विधायक मदन कौशिक, विधायक आदेश चौहान, विधायक रवि बहादुर, विधायक मोहम्मद शहजाद, विधायक मुन्ना सिंह चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत, पूर्व मंत्री प्रीतम सिंह पंवार, प्रसाद नैथानी, यूकेडी अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती, पूर्व अध्यक्ष यूकेडी काशी सिंह एरी, पूर्व दर्जाधारी महेंद्र प्रताप, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान सहित भारी संख्या में लोग शामिल रहे।



