
रुद्रपुर। रौनक से सजी बारात, रोशनी से चमकता पंडाल और जयमाला की तैयारी के बीच अचानक सबकुछ बदल गया। जो माहौल खुशियों से भरा था, वह कुछ ही मिनटों में तनाव और हंगामे में तब्दील हो गया। जयमाला के स्टेज पर हुए विवाद के बाद दूल्हे ने शादी से इंकार कर दिया और पूरा बाराती दल शेरवानी पहने दूल्हे के साथ सीधे पुलिस चौकी पहुंच गया।
जानकारी के अनुसार, प्रीत विहार निवासी राहुल का रिश्ता भूतबंगला क्षेत्र की एक युवती से तय हुआ था। बुधवार शाम राहुल बारात लेकर दुल्हन के घर पहुंचा। नाच-गाने और आतिशबाज़ी के बीच बारात का स्वागत हुआ। रिबन कटने के बाद मेहमान जयमाला समारोह के लिए उत्साहित थे।
इसी दौरान, जब दूल्हा-दुल्हन स्टेज पर पहुंचे तो एक युवक दुल्हन के बगल में बैठ गया और उससे बातचीत करने लगा। यह देख दूल्हे ने विरोध जताया। दोनों के बीच कहासुनी बढ़ी तो उस युवक के साथ आए लोगों ने दूल्हा पक्ष पर हमला कर दिया। अचानक माहौल बिगड़ गया और दोनों ओर से धक्का-मुक्की और लाठी-डंडे चलने लगे।
झगड़े से गुस्साए दूल्हे राहुल ने मौके पर ही शादी से इंकार कर दिया। वहीं, तनाव के चलते दुल्हन के पिता को सदमा लग गया और उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा।
बाद में दूल्हा खुद बारात सहित रामपुरा चौकी पहुंच गया। वहां दुल्हन पक्ष के लोग भी जा पहुंचे और पुलिस के सामने दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई। दूल्हा पक्ष का कहना है कि झगड़े में उनके तीन लोगों के सिर फूट गए।
सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कर सुलह का प्रयास किया है और उन्हें विवाह संपन्न करने की सलाह दी गई है।



