Breaking Newsउत्तराखंडखेल
Trending

देहरादून में 22 मई से शुरू होगा उत्तराखंड गोल्ड कप, 16 टीमों के बीच होगी खिताबी जंग

विजेता टीम को 10 लाख रुपये और गोल्ड कप ट्रॉफी, उपविजेता टीम को मिलेंगे 7 लाख रुपये

16 टीमें, 31 मुकाबले और करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों की नजरें रहेंगी देहरादून पर

देहरादून में एक बार फिर क्रिकेट का रोमांच चरम पर पहुंचने वाला है। 22 मई से 7 जून 2026 तक आयोजित होने जा रहे 42वें उत्तराखंड गोल्ड कप क्रिकेट टूर्नामेंट को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। देशभर की नामी क्रिकेट एसोसिएशन टीमों के साथ नेपाल की टीम भी इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में हिस्सा लेने पहुंच रही है। टूर्नामेंट के मुकाबले महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम रायपुर और अल्फा क्रिकेट स्टेडियम गणेशपुर में खेले जाएंगे।

इस बार टूर्नामेंट में कुल 16 टीमें भाग लेंगी, जिन्हें चार अलग-अलग ग्रुप में बांटा गया है। प्रतियोगिता में कुल 31 मुकाबले खेले जाएंगे। लीग चरण के मैच 22 मई से 2 जून तक होंगे, जबकि 3 और 4 जून को क्वार्टर फाइनल, 5 और 6 जून को सेमीफाइनल और 7 जून को भव्य फाइनल मुकाबला रायपुर स्थित राजीव गांधी स्टेडियम में खेला जाएगा।

टूर्नामेंट को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए सभी मुकाबले सफेद गेंद से खेले जाएंगे। अधिकांश मैच डे-नाइट प्रारूप में होंगे, जिससे दर्शकों को रोमांचक क्रिकेट देखने का मौका मिलेगा। आयोजकों के अनुसार खिलाड़ियों के लिए विशेष रंगीन किट भी तैयार कराई गई है, जो सभी टीमों को उपलब्ध कराई जाएगी।

प्रतियोगिता की विजेता टीम को 10 लाख रुपये की पुरस्कार राशि और गोल्ड कप ट्रॉफी दी जाएगी, जबकि उपविजेता टीम को 7 लाख रुपये और ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा हर मैच में ‘मैन ऑफ द मैच’ को 5 हजार रुपये तथा ‘मैन ऑफ द सीरीज’ को 1 लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा। खिलाड़ियों के लिए कई व्यक्तिगत पुरस्कार भी घोषित किए गए हैं।

टूर्नामेंट के पहले चरण में उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, दिल्ली, उत्तराखंड, ओडिशा और इंडियन रेलवे जैसी मजबूत टीमें मैदान में उतरेंगी। वहीं दूसरे चरण में झारखंड, त्रिपुरा, गोवा, केरल, बंगाल, रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया और नेपाल क्रिकेट एसोसिएशन की टीमें मुकाबला करती नजर आएंगी।

आयोजक समिति का कहना है कि इस बार टूर्नामेंट को राष्ट्रीय स्तर की पहचान दिलाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। क्रिकेट प्रेमियों की सुविधा के लिए आधिकारिक वेबसाइट भी लॉन्च कर दी गई है, जहां मैच शेड्यूल और अन्य जानकारी उपलब्ध रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button