
मुंहबोले भाई ने युवती से की ठगी, इलाज के नाम पर हड़पे पे
देहरादून। जानलेवा बीमारी से जूझ रही दून की एक युवती के साथ उसके ही मुंहबोले भाई ने विश्वासघात कर दिया। इलाज के नाम पर लाखों रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार की तहरीर पर वसंत विहार थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विजय पार्क निवासी सुभाष ध्यानी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी बेटी नीलम ध्यानी गंभीर बीमारी से पीड़ित थी और 9 मार्च 2022 को उसका निधन हो गया। उपचार के दौरान नीलम अपने मुंहबोले भाई रोहित कांडपाल, निवासी सरस्वती भवन, बैंक कॉलोनी, मुरादाबाद, पर पूरा भरोसा करती थी। इसी भरोसे का फायदा उठाते हुए रोहित और उसके साथी अभिलाष ने अक्टूबर 2021 से फरवरी 2022 के बीच नीलम के एचडीएफसी बैंक खाते से करीब 8.50 लाख रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करा लिए।
सुभाष ध्यानी का आरोप है कि बेटी की मौत के बाद जब उन्होंने रोहित से इस रकम को लौटाने को कहा तो उसने न केवल पैसे देने से इनकार कर दिया, बल्कि गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।
वसंत विहार थानाध्यक्ष प्रदीप रावत ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर रोहित कांडपाल और अभिलाष के खिलाफ ठगी, धोखाधड़ी और धमकी देने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



