टेम्पो ट्रैवलर खाई में गिरा, दो की मौत
वाहन में सवार थे 18 लोग, 15 गंभीर घायल एक लापता

दिल्ली से बाबा नीम करौली आया था पर्यटकों का दल, शनिवार देर रात लौट रहे थे वापस
नैनीताल। जनपद नैनीताल के ज्योलिकोट आमपड़ाव के पास देर रात टेम्पो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 15 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरा।हादसे में रोहतक (हरियाणा) निवासी चालक सोनू कुमार (32) और बदरपुर दिल्ली निवासी पर्यटक गौरव बंसल की मौत हो गई जबकि 16 लोग घायल हो गए। एक व्यक्ति के लापता होने की सूचना है, जिसकी तलाश एसडीआरएफ टीम कर रही है।
बदरपुर बार्डर दिल्ली निवासी पर्यटकों का दल बीते दिनों बाबा नीम करौली के दर्शन के लिए कैंची धाम आया था। शनिवार रात सभी दिल्ली लौट रहे थे। करीब 10 बजे दोगांव में मटियाली बैंड पर वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। चीख-पुकार सुनकर वहां से गुजर रहे यात्रियों ने पुलिस को हादसे की सूचना दी। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट नैनीताल से सब-इंस्पेक्टर मनीष भाकुनी के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। ज्योलीकोट चौकी इंचार्ज श्याम सिंह बोरा और अन्य पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत व बचाव कार्य शुरू किया। बताया गया कि वाहन में कुल 18 लोग सवार थे।
एसडीआरएफ जवानों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो घंटे की मशक्कत के बाद 15 घायलों को निकालकर एंबुलेंस से हल्द्वानी अस्पताल भिजवाया। दो मृतकों के शवों को स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। वहीं, एक लापता व्यक्ति की तलाश के लिए रातभर सर्च ऑपरेशन जारी रहा।
घायलों में विजय अग्रवाल, अजय अग्रवाल, वंश अग्रवाल, अन्नू अग्रवाल, शिल्पी, हेमंत, श्रुति, अंशिका, सोनिया, निकिता के अलावा चार बच्चे भी शामिल हैं।
हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें देर रात तक राहत व बचाव कार्य में जुटी रहीं। दुर्घटना के सटीक कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।




