Breaking Newsअपराधउत्तराखंड
Trending

दो मासूम बेटियों संग नहर में कूदी महिला का शव बरामद, बच्चियों को तैराक युवकों ने बचाया

पारिवारिक विवाद के बाद घर से निकली थी महिला, पुलिस जांच में जुटी

देहरादून जनपद के विकासनगर क्षेत्र में शनिवार शाम दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। कोतवाली विकासनगर क्षेत्र अंतर्गत पुल नंबर-1 डाक्टरगंज और पुल नंबर-2 शांतिधाम के बीच एक महिला ने अपनी दो मासूम बेटियों के साथ शक्ति नहर में छलांग लगा दी। मौके पर मौजूद तैराक युवकों ने साहस दिखाते हुए दोनों बच्चियों को सुरक्षित बचा लिया, जबकि महिला तेज बहाव में बहकर लापता हो गई। बाद में पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने महिला का शव बरामद कर लिया।

जानकारी के अनुसार शनिवार शाम करीब साढ़े चार बजे महिला अपनी दोनों बेटियों के साथ क्षेत्र में घूमती दिखाई दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक महिला अचानक नहर में कूद गई। घटना देखते ही आसपास मौजूद कुछ युवक तुरंत नहर में उतर गए और काफी प्रयास के बाद दोनों बच्चियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

बचाई गई बच्चियों में तीन वर्षीय आर्वी चंदेल और तीन माह की एक शिशु शामिल हैं। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज बाजार अर्जुन गुसाईं पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद एसडीआरएफ और पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से सर्च अभियान चलाया। काफी तलाश के बाद महिला का शव बरामद किया गया।

पुलिस जांच में महिला की पहचान किरन चंदेल (28 वर्ष) पत्नी धीरज चंदेल के रूप में हुई। वह वर्तमान में मंडी चौक विकासनगर में रह रही थी और मूल रूप से ग्राम जाखन बिन्हार, विकासनगर की निवासी थी।

प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि महिला का पति हैदराबाद में नौकरी करता है। विवाद के बाद महिला दोनों बच्चियों को लेकर घर से निकल गई थी और बाद में यह कदम उठा लिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button