कार में लगी आग, इंजीनियर दंपति समेत तीन की मौत
परिवार के साथ दीवाली मनाने आए थे गोपेश्वर के गांव, एक बेटे की मौत दूसरा गंभीर

गोपेश्वर-पोखरी मोटर मार्ग पर गुरुवार को एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी और उसमें आग लग गई। हादसे में देहरादून सिंचाई विभाग में कार्यरत इंजीनियर अरविंद त्रिपाठी, उनकी पत्नी अनिता त्रिपाठी और बेटे अनंत त्रिपाठी की मौके पर ही जलकर मौत हो गई, जबकि दूसरा बेटा अंबुज त्रिपाठी गंभीर रूप से झुलस गया।
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और शवों को खाई से बाहर निकाला गया। घायल अंबुज को गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अरविंद त्रिपाठी अपने परिवार के साथ दीपावली मनाने के लिए पोखरी ब्लॉक के विशाल पाव गांव आए थे, जो उनकी पत्नी अनिता का मायका है। गुरुवार को वे वापस देहरादून लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
घटना से क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि कार खाई में गिरते ही उसमें तेज धमाका हुआ और आग की लपटें उठने लगीं। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है।




