
फर्जी पुलिस अफसर बनकर ठगे 13.90 लाख रुपये
देहरादून। साइबर ठगों ने एक व्यक्ति को वीडियो कॉल पर पुलिस अधिकारी बनकर 13.90 लाख रुपये का चूना लगा दिया। पीड़ित रमेश चन्द्र शर्मा, निवासी सालावाला ने थाना डालनवाला में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित के अनुसार, 4 मार्च 2025 को उनके फोन पर अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉलर ने खुद को कोलाबा थाना, मुंबई का सीनियर पुलिस अधिकारी बताते हुए कहा कि उनके आधार नंबर से जुड़े बैंक खाते में फ्रॉड से पैसे आए हैं और इस संबंध में केस नंबर 188 दर्ज है। ठगों ने वीडियो कॉल पर न्यायालय का दृश्य दिखाकर पीड़ित का विश्वास जीत लिया।
इसके बाद आरोपियों ने पीड़ित को अपने बताए बैंक खाते (ICICI Bank, खगड़िया, बिहार) में 13.90 लाख रुपये RTGS के माध्यम से भेजने के लिए बहला-फुसलाया। पीड़ित ने 5 मार्च को उक्त खाते में राशि ट्रांसफर कर दी। बाद में उन्हें धोखाधड़ी का अहसास हुआ।
पीड़ित ने थाना डालनवाला में लिखित शिकायत दर्ज कर ठगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और अपने धन की रिकवरी की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




