
देहरादून/पौड़ी गढ़वाल, 28 अगस्त : विजिलेंस टीम ने गुरुवार को सतपुली में बड़ी कार्रवाई करते हुए उपकोषाधिकारी कौशल कुमार को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया।
मामला डोर-टू-डोर कचरा एकत्रीकरण से जुड़ा है। शिकायतकर्ता रविन्द्र रावत, निवासी सतपुली ने विजिलेंस को दी तहरीर में आरोप लगाया था कि जून–जुलाई माह का लगभग 10 लाख रुपये का बिल पास कराने के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही है।
शिकायत की गंभीरता को देखते हुए विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया और गुरुवार को उपकोषाधिकारी को 8,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल आरोपी अधिकारी को हिरासत में लेकर आगे की पूछताछ की जा रही है। विजिलेंस की इस कार्रवाई से सरकारी दफ्तरों में हड़कंप मच गया है।




