Breaking Newsअपराधउत्तराखंड
Trending

आधी रात घर में घुसे मायके वाले, बुजुर्ग सास की पीट-पीटकर हत्या

बीमार बच्ची से शुरू हुआ झगड़ा, पारिवारिक विवाद का खौफनाक अंजाम

बीमार बच्ची को लेकर शुरू हुआ पति-पत्नी का विवाद आधी रात खौफनाक वारदात में बदल गया। आरोप है कि पत्नी ने मायके फोन कर परिजनों को बुलाया, जिन्होंने घर में घुसकर पहले पति को बाथरूम में ले जाकर पीटा और फिर बीच-बचाव करने आई 70 वर्षीय सास को कमरे में बंद कर बेरहमी से मारा। अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर कई आरोपियों को हिरासत में लिया है।

क्या था पूरा विवाद?

मामला उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के दिनेशपुर क्षेत्र का है। मृतका संध्या शाह (70) के बेटे सोनू शाह ने बताया कि उनकी बेटी की तबीयत खराब थी। वे उसे डॉक्टर के पास ले गए और दवा दिलाकर लौटे। जब वे सब्जी लेकर घर पहुंचे तो बच्ची रो रही थी और पत्नी सुरभी अपने बुटीक के काम में व्यस्त थी।

सोनू के मुताबिक, उन्होंने पत्नी से बच्ची की देखभाल करने को कहा, जिस पर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि सुरभी ने डंडे से सोनू पर हमला किया। पड़ोसियों ने बीच-बचाव कराया, जिसके बाद सोनू अपनी मां के पास जाकर सो गए।

आधी रात को हमला

आरोप है कि सुरभी ने अपने मायके, काशीपुर, फोन कर घटना की जानकारी दी। रात करीब 12 बजे सास, साला, साली और अन्य लोग घर पहुंचे।

हमलावरों ने सोनू को बाथरूम में ले जाकर बुरी तरह पीटा। जब उनकी मां संध्या शाह बचाने आईं, तो आरोपियों ने उन्हें एक कमरे में ले जाकर दरवाजा बंद कर दिया। परिजनों का आरोप है कि कमरे के अंदर उनके साथ इतनी मारपीट की गई कि अस्पताल ले जाते समय उन्होंने दम तोड़ दिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सीनियर सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (एसएसपी) अजय गणपति और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस क्षेत्राधिकारी डीआर वर्मा फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने अभियुक्त पक्ष के कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में हत्या, मारपीट और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की तैयारी की जा रही है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button