अब गड्ढों के खिलाफ जनता की जंग, देहरादून साइक्लिंग क्लब ने शुरू किया अभियान

टूटी सड़कों के खिलाफ एकजुट हुआ शहर, देहरादून साइक्लिंग क्लब ने शुरू किया ‘देहरादून के गड्ढों से आज़ादी’ अभियान
देहरादून। शहर की जर्जर सड़कों और बढ़ते गड्ढों की समस्या को लेकर देहरादून साइक्लिंग क्लब ने शनिवार से ‘देहरादून के गड्ढों से आज़ादी’ जन अभियान की शुरुआत की है। क्लब का उद्देश्य नागरिकों की सहभागिता से खराब सड़कों की जानकारी जुटाकर संबंधित विभागों तक पहुंचाना और उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास करना है।
क्लब के अनुसार मानसून के दौरान शहर की कई सड़कें गड्ढों में तब्दील हो गई हैं, जिससे आम लोगों, साइकिल चालकों, दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के साथ पैदल यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अभियान के तहत लोगों से अपील की गई है कि वे अपने क्षेत्र में टूटी सड़क या गड्ढे की GPS Camera से फोटो लेकर सोशल मीडिया पर @Dehradun Cycling Club को टैग करें या व्हाट्सएप नंबर 8755960120 पर भेजें।
क्लब ने बताया कि प्राप्त शिकायतों का रिकॉर्ड तैयार कर हर सात दिन में संबंधित विभागों को सौंपा जाएगा। साथ ही मीडिया के माध्यम से भी शिकायतों और उनके निस्तारण की स्थिति सार्वजनिक की जाएगी, ताकि समस्या के समाधान की निगरानी की जा सके।
देहरादून साइक्लिंग क्लब के अध्यक्ष हरिसिमरन सिंह ने कहा कि यह केवल शिकायत अभियान नहीं, बल्कि नागरिकों की भागीदारी से शहर को सुरक्षित और गड्ढामुक्त बनाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि जब तक शहर की प्रमुख सड़कें सुरक्षित और गड्ढामुक्त नहीं हो जातीं, तब तक अभियान जारी रहेगा।
क्लब का दावा है कि इस जन अभियान को युवाओं, साइक्लिस्ट समुदाय और विभिन्न सामाजिक संगठनों का समर्थन मिल रहा है। सभी नागरिकों से अभियान में शामिल होकर अपने क्षेत्र की खराब सड़कों की जानकारी साझा करने की अपील की गई है।




