बड़ी खबर: सीबीसीआईडी करेगी सृष्टि कंडारी की मौत की जांच, मुख्यमंत्री धामी ने दिए आदेश

देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी की मांग पर सरकार का बड़ा फैसला
देहरादून। उत्तराखंड की सरकारी शिक्षिका सृष्टि कंडारी की संदिग्ध मौत के मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मामले की CBCID से जांच कराने के आदेश दे दिए हैं। सरकार के इस फैसले के बाद अब पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच होगी।
बताया जा रहा है कि देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कराने की मांग की थी। उन्होंने कहा था कि घटना से जुड़े सभी तथ्यों की निष्पक्ष पड़ताल होनी चाहिए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।
गौरतलब है कि देवप्रयाग विधानसभा के ग्राम सिंगोली, विकासखंड कीर्तिनगर निवासी सरकारी शिक्षिका सृष्टि कंडारी की 29 जुलाई को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। इस मामले में मृतका की मां की तहरीर पर पुलिस ने पति, सास और ननद के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अब इसकी जांच CBCID करेगी।




