देहरादून में दर्दनाक हादसा: बरसाती नाले में बहीं दो मासूम बहनें, मौत

क्लेमेंटटाउन क्षेत्र में गुरुवार शाम हादसा, बिहार के खगड़िया निवासी परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
देहरादून। राजधानी देहरादून के क्लेमेंटटाउन क्षेत्र में गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 7 वर्षीय और 3 वर्षीय दो सगी बहनों की मौत हो गई। शाम करीब 4 बजे पुलिस को सूचना मिली कि दोनों बच्चियां बरसाती नाले में बह गई हैं। दोनों बच्चियां नाले के ऊपर बने रैंप (स्लैब ) के नीचे फंस गई थीं। स्थानीय लोगों ने उन्हें बाहर तो निकाल लिया, लेकिन तब तक उनकी जान जा चुकी थी।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार शाम करीब चार बजे राजेश मित्तल ने क्लेमेंटटाउन थाने को सूचना दी कि दुर्गा मंदिर, नई बस्ती के पास दो बच्चियां बरसाती नाले में बहकर रैंप के नीचे फंस गई हैं। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची। तब तक स्थानीय लोगों ने दोनों बच्चियों को बाहर निकाल लिया था, लेकिन डूबने से उनकी मौके पर ही मृत्यु हो चुकी थी।
मृतक बच्चियों की पहचान लक्ष्मी कुमारी (7 वर्ष) और सोनाक्षी कुमारी (3 वर्ष) के रूप में हुई है। उनकी मां रीना कुमारी ने पुलिस को बताया कि दोनों बेटियां दोपहर में घर के बाहर बरसाती नाले में नहाने गई थीं। इसी दौरान अचानक पानी का बहाव तेज हो गया और दोनों बहकर रैंप के नीचे फंस गईं। कुछ देर बाद तलाश करने पर बड़ी बेटी के पैर दिखाई दिए, जिसके बाद आसपास के लोगों की मदद से दोनों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। रीना कुमारी ने बताया कि परिवार मूल रूप से बिहार के खगड़िया जिले का रहने वाला है और नई बस्ती में किराये पर रहकर दिहाड़ी मजदूरी करता है। घटना के समय उनके पति किसी काम से बिहार गए हुए थे, जिन्हें हादसे की सूचना दे दी गई है। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दोनों बच्चियों के शव परिजनों को सौंप दिए हैं।




