परमवीर चक्र विजेताओं को अब ₹2 करोड़, कारगिल विजय दिवस पर धामी सरकार का बड़ा ऐलान

शहीद परिवारों के लिए बढ़ाई आर्थिक सहायता, अग्नि वीरों के लिए बनेगा रोजगार सेल
देहरादून। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सैनिकों, पूर्व सैनिकों और शहीद परिवारों के सम्मान में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि अब परमवीर चक्र से सम्मानित सैनिकों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि डेढ़ करोड़ रुपये से बढ़ाकर दो करोड़ रुपये कर दी गई है।
रविवार को गांधी पार्क स्थित शहीद स्मारक पर मुख्यमंत्री ने कारगिल के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और शहीद परिवारों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि कारगिल युद्ध भारतीय सेना के अदम्य साहस और राष्ट्रभक्ति का स्वर्णिम अध्याय है तथा उत्तराखंड की वीरभूमि की पहचान सैनिकों के शौर्य से और मजबूत हुई है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि शहीद सैनिकों के आश्रितों को मिलने वाली अनुग्रह राशि पहले ही 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 50 लाख रुपये की जा चुकी है। साथ ही विभिन्न वीरता पुरस्कारों से सम्मानित सैनिकों को मिलने वाली आर्थिक सहायता में भी बढ़ोतरी की गई है।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि सेवामुक्त अग्निवीरों के लिए राज्य में ‘अग्निवीर रोजगार सेल’ बनाया जाएगा। इसके माध्यम से उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। उत्तराखंड पुलिस, वन विभाग और अन्य सरकारी सेवाओं में उन्हें प्राथमिकता देने के साथ कौशल विकास और स्वरोजगार योजनाओं का भी लाभ मिलेगा।




