कारगिल के अमर वीरों को देहरादून साइक्लिंग क्लब की अनोखी श्रद्धांजलि
साइकिल रैली के जरिए शहीदों को नमन, युवाओं को दिया राष्ट्रभक्ति का संदेश

बल्लूपुर से खारखेत तक निकली रैली, युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत करने का दिया संदेश
देहरादून। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर रविवार को देहरादून साइक्लिंग क्लब ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए विशेष साइकिल रैली का आयोजन किया। रैली बल्लूपुर से शुरू होकर पंडितवाड़ी, प्रेमनगर, नंदा की चौकी और पौंधा होते हुए खारखेत तक निकाली गई। इसमें क्लब के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कारगिल युद्ध के वीर शहीदों को नमन किया।
क्लब के अध्यक्ष हरिसिमरन सिंह ने कहा कि देश के वीर सैनिकों का बलिदान सर्वोपरि है। भारतीय सेना के जवान सीमाओं पर दिन-रात देश की सुरक्षा में तैनात रहते हैं, जिसके कारण देशवासी सुरक्षित जीवन जी पाते हैं। उन्होंने कहा कि कारगिल विजय दिवस उन अमर शहीदों के अदम्य साहस, राष्ट्रभक्ति और सर्वोच्च बलिदान की याद दिलाता है, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। उन्होंने नागरिकों से सेना के प्रति सम्मान और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्व का निर्वहन करने का आह्वान किया।
क्लब के प्लानिंग एवं मैनेजमेंट प्रभारी रिक्की गोस्वामी ने कहा कि देहरादून वीर सैनिकों की धरती है और यहां लगभग हर सात घरों में से एक घर का सदस्य भारतीय सेना से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि देहरादून साइक्लिंग क्लब प्रत्येक वर्ष कारगिल विजय दिवस पर इस तरह की रैली आयोजित करता है, ताकि विद्यालयों, महाविद्यालयों के विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को कारगिल युद्ध के इतिहास और शहीदों के सर्वोच्च बलिदान से प्रेरणा मिल सके।
रैली के दौरान प्रतिभागियों ने “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और भारतीय सेना के सम्मान में जयघोष किए। क्लब ने सभी नागरिकों से देश के वीर सैनिकों के त्याग और बलिदान को सदैव स्मरण रखने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
रैली में हरिसिमरन सिंह, रिक्की गोस्वामी, प्रणय पंत, जयंती प्रसाद, चित्रांग, हैरिस, चैतन्य, प्रांजल, ध्रुव, अरनब और अमन सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।




