रात एक बजे के बाद आया आदेश, देहरादून में आज भी बंद रहेंगे स्कूल

सोमवार शाम से जारी मूसलाधार बारिश के चलते सभी नदी नाले उफान पर
देहरादून। राजधानी देहरादून समेत प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में सोमवार शाम से मूसलाधार बारिश जारी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून ने मंगलवार के लिए भी भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसे देखते हुए देहरादून जिले में 1 सितंबर, मंगलवार को सभी सरकारी और निजी स्कूलों के साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है।
डीएम डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर एडीएम एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी कृष्ण कुमार मिश्रा ने रात एक बजे के बाद अवकाश का आदेश जारी किया।
इधर, भारी बारिश के कारण रिस्पना और बिंदाल समेत राजधानी की प्रमुख नदियां उफान पर हैं। बारिश से हुए भूस्खलन के कारण बंद देहरादून-मसूरी मार्ग को घंटों बाद मध्यरात्रि में वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया।



