उत्तराखंड
Trending

योग दिवस पर साइकिलिंग और योग के जरिए दिया स्वास्थ्य व सौहार्द का संदेश

साइकिलिंग और योग का संगम, फिटनेस के साथ सामाजिक सद्भाव का आह्वान

देहरादून साइक्लिंग क्लब की विशेष राइड में शामिल हुए दर्जनों साइक्लिस्ट, डूंगा में हुआ योग एवं ध्यान सत्र

देहरादून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर देहरादून साइक्लिंग क्लब ने स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष साइकिल राइड का आयोजन किया। सुबह प्रेमनगर चौक से शुरू हुई इस राइड में बड़ी संख्या में साइक्लिंग प्रेमियों ने भाग लेकर योग और फिटनेस के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई।

साइकिल यात्रा प्रेमनगर से नंदा की चौकी, पोंधा और यूपीईएस क्षेत्र होते हुए डूंगा पहुंची। यहां प्राकृतिक वातावरण के बीच प्रतिभागियों ने योग और ध्यान का अभ्यास किया। लगभग 15 मिनट तक चले इस सत्र में शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर भी चर्चा की गई।

क्लब के अध्यक्ष हरिसिमरन सिंह ने कहा कि योग व्यक्ति के जीवन में संतुलन, शांति और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। उन्होंने कहा कि समाज में बढ़ते छोटे-छोटे विवाद चिंता का विषय हैं और ऐसे समय में योग एवं सामूहिक गतिविधियां लोगों को आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का संदेश देती हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों से शांति और सामाजिक एकता बनाए रखने की अपील की।

योग सत्र के बाद प्रतिभागी मांडूवाला फॉरेस्ट ट्रेल की ओर रवाना हुए। वहां से सिद्धूवाला चौक होते हुए सभी साइक्लिस्ट पुनः प्रेमनगर पहुंचे। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों ने स्वस्थ जीवनशैली, पर्यावरण संरक्षण और नियमित व्यायाम के प्रति जागरूकता फैलाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में हरिसिमरन सिंह, अंशु कनौजिया, प्रणय पंत, चिरांग, मोहम्मद हारिस, प्रांजल कपूर, सुरेंद्र कुमार, अर्नब पाल सहित कई साइक्लिंग प्रेमियों की सक्रिय भागीदारी रही।

कार्यक्रम का समापन नियमित योग, फिटनेस और समाज में सकारात्मकता के प्रसार के संकल्प के साथ हुआ।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button