जस्पाल राणा को साइकिलिस्टों की अनूठी श्रद्धांजलि, देहरादून से शूटिंग रेंज तक निकाली रैली

देहरादून, 14 जून। उत्तराखंड के गौरव एवं देश के महान निशानेबाज स्वर्गीय जस्पाल राणा की स्मृति में रविवार को देहरादून साइक्लिंग क्लब द्वारा विशेष श्रद्धांजलि साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली में बड़ी संख्या में साइक्लिस्टों ने भाग लेकर जस्पाल राणा को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके सपनों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
प्रातः 4:50 बजे साइक्लिस्ट बल्लूपुर चौक पर एकत्रित हुए, जहां से रैली प्रेमनगर, नंदा की चौकी और पौंधा होते हुए जस्पाल राणा शूटिंग रेंज पहुंची। शूटिंग रेंज पहुंचने पर प्रतिभागियों ने जस्पाल राणा के पिता नारायण सिंह राणा से मुलाकात की। अपने पुत्र की स्मृति में देहरादून से इतनी बड़ी संख्या में साइक्लिस्टों को पहुंचा देखकर वे भावुक हो गए और सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
इस दौरान देहरादून साइक्लिंग क्लब के अध्यक्ष हरिसिमरन सिंह तथा अन्य साइक्लिस्टों ने जस्पाल राणा को पुष्पांजलि अर्पित की। क्लब के सदस्यों ने शूटिंग रेंज का भ्रमण भी किया और उस कक्ष को देखा, जहां जस्पाल राणा समय बिताया करते थे। साथ ही उनके परिजनों से मुलाकात कर उनके जीवन, संघर्ष और उपलब्धियों के बारे में जानकारी प्राप्त की।
क्लब अध्यक्ष हरिसिमरन सिंह ने कहा कि जस्पाल राणा का सपना एक स्वस्थ, नशामुक्त और हरित देहरादून का निर्माण करना था। इसी उद्देश्य को आगे बढ़ाने के लिए देहरादून साइक्लिंग क्लब नियमित रूप से साइक्लिंग, रनिंग, वॉकिंग और योग जैसे कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा, ताकि युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा सके।
इस अवसर पर नारायण सिंह राणा ने क्लब से अनुरोध किया कि जस्पाल राणा की स्मृति में उनकी शूटिंग रेंज से उनके पैतृक गांव नैनबाग तक एक लंबी साइकिल यात्रा आयोजित की जाए। इस पर क्लब अध्यक्ष ने शीघ्र ही इस संबंध में योजना बनाकर कार्यक्रम आयोजित करने का आश्वासन दिया।
श्रद्धांजलि रैली में प्रणय पंत, चित्रांग, अमन, मोहम्मद हारिस, सुरेंद्र सिंह, रुद्रप्रताप सिंह, मोनू, हरिसिमरन सिंह सहित देहरादून साइक्लिंग क्लब के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने जस्पाल राणा के आदर्शों को आगे बढ़ाने तथा स्वस्थ, नशामुक्त और पर्यावरण-अनुकूल समाज के निर्माण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।



