Breaking Newsअपराधउत्तराखंड
Trending

दिल्ली का एमबीबीएस छात्र निकला चेन लुटेरा : गर्लफ्रेंड संग मिलकर दिनदहाड़े वारदात, दोनों गिरफ्तार

गर्लफ्रेंड के गांव पहुंचा, फिर रची लूट की पटकथा

पिथौरागढ़: सीमांत क्षेत्र मुनस्यारी के बंगा पानी के तोली गांव में दिनदहाड़े हुई लूट की घटना ने पूरे इलाके को हैरान कर दिया है। दिल्ली का एक एमबीबीएस छात्र अपनी महिला मित्र के पीछे-पीछे गांव तक पहुंचा और दोनों ने मिलकर सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दे डाला। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटी गई मालाएं बरामद कर ली हैं।

ऐसे दिया वारदात को अंजाम

पुलिस को दी गई तहरीर में 38 वर्षीय ममता देवी ने बताया कि वह मंगलवार सुबह खेत पर सरसों निकालने जा रही थीं। रास्ते में बाइक सवार एक युवक और युवती ने उन्हें रोका। युवक ने मोबाइल नेटवर्क न होने का बहाना बनाकर उनसे फोन मांगा। महिला ने भरोसा कर मोबाइल दे दिया।

करीब 50 मीटर आगे बढ़ने पर युवक ने अचानक उन्हें पकड़ लिया, जबकि उसकी महिला मित्र ने उनके गले से सोने की दो मालाएं झपट लीं। पीड़िता के अनुसार दोनों मालाओं का कुल वजन करीब डेढ़ से दो तोले के बीच था। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

पहचान छिपाने का मिला फायदा

जांच में सामने आया कि आरोपी युवती हिमानी बोरा मूल रूप से बंगा पानी के तोली गांव की रहने वाली है, लेकिन लंबे समय से अपनी मां के साथ हल्द्वानी में रह रही थी। गांव में उसकी कम आवाजाही होने के कारण स्थानीय लोग उसे ठीक से पहचान नहीं पाते। इसी का फायदा उठाकर दोनों ने वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता ममता देवी भी उसे पहचान नहीं सकीं और आसानी से लूट का शिकार हो गईं।

बताया जा रहा है कि हिमानी कुछ दिन पहले अपनी दादी से मिलने बंगा पानी आई थी। उसके पीछे-पीछे दिल्ली निवासी 25 वर्षीय सनी सिंह भी यहां पहुंच गया। दोनों की मुलाकात हल्द्वानी में हुई थी और वहीं से उनकी पहचान बढ़ी।

गिरफ्तारी और खुलासा

मामले में एसपी अक्षय प्रहलाद कोडे ने बताया कि आरोपी सनी सिंह, थाना पश्चिम विहार, नई दिल्ली का निवासी है। पुलिस टीम ने दोनों को गर्जिया पुल के पास से गिरफ्तार किया। उनके पास से छीनी गई सोने की मालाएं भी बरामद कर ली गई हैं।

पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह वारदात पूर्व नियोजित प्रतीत होती है। फिलहाल दोनों से पूछताछ जारी है और यह भी जांच की जा रही है कि कहीं वे पहले भी इस तरह की घटनाओं में शामिल तो नहीं रहे।

घटना ने क्षेत्र में चर्चा छेड़ दी है कि पढ़े-लिखे युवा किस तरह आपराधिक रास्ता चुन रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अनजान लोगों पर भरोसा करने से पहले सतर्क रहें और संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत सूचना दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button