Breaking Newsउत्तराखंड
Trending

आशीष चौहान बने देहरादून के नए डीएम

बड़ा प्रशासनिक फेरबदल

19 IAS और 10 PCS अधिकारियों के तबादले, कई विभागों और जिलों में नई तैनाती

देहरादून। उत्तराखंड शासन ने शनिवार देर शाम बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 19 आईएएस और 10 पीसीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-01 की ओर से जारी आदेश में कई अहम विभागों और जिलों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। शासन के इस फैसले को प्रशासनिक व्यवस्था में तेजी और बेहतर समन्वय की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

सबसे चर्चित नियुक्ति राजधानी देहरादून में हुई है, जहां वरिष्ठ आईएएस अधिकारी आशीष चौहान को नया जिलाधिकारी बनाया गया है। इससे पहले वे उत्तरकाशी, पौड़ी और पिथौरागढ़ जैसे महत्वपूर्ण जिलों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। हाल ही में वे खेल एवं युवा कल्याण विभाग में अपनी सेवाएं दे रहे थे। अब उन्हें राजधानी की कमान सौंपे जाने को शासन का बड़ा भरोसा माना जा रहा है।

शासन द्वारा जारी सूची में कई अन्य अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। गिरधारी सिंह रावत को सूचना प्रौद्योगिकी, सुराज एवं विज्ञान प्रौद्योगिकी विभाग में अपर सचिव बनाया गया है। वहीं इला गिरी को दुग्ध विकास एवं महिला डेयरी विभाग का निदेशक नियुक्त किया गया है।

इसके अलावा सुन्दर लाल सेमवाल को सचिवालय प्रशासन विभाग में अपर सचिव और महावीर सिंह चौहान को लोक निर्माण विभाग में अपर सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। शासन ने विभागीय स्तर पर प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से इन बदलावों को अहम माना है।

जिलास्तर पर भी कई बदलाव देखने को मिले हैं। योगेश मेहरा को हरिद्वार में डिप्टी कलेक्टर की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि प्रमोद कुमार का तबादला नैनीताल से चंपावत कर दिया गया है।

शासन ने सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करने और अनुपालन रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश जारी किए हैं। प्रशासनिक हलकों में इस फेरबदल को आगामी योजनाओं और विकास कार्यों को गति देने की तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button