Breaking News
Trending

आंधी-तूफान से 56 मौतें: पेड़ उखड़े, मकान ढहे, कई जिलों में तबाही का मंजर

तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश के कारण पेड़ गिरे, बिजली आपूर्ति बाधित 

बुधवार शाम ढलते-ढलते मौसम ने ऐसा रौद्र रूप दिखाया कि लोग संभल भी नहीं पाए। तेज धूलभरी आंधी, गरज-चमक और बारिश ने कुछ ही मिनटों में कई परिवारों की खुशियां उजाड़ दीं। कहीं दीवारें भरभराकर गिर गईं तो कहीं कच्चे मकान मलबे में बदल गए। सड़कें उखड़े पेड़ों से पट गईं और कई इलाकों में रातभर चीख-पुकार का माहौल बना रहा। इस भीषण आंधी-तूफान में अब तक 56 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि दर्जनों लोग घायल बताए जा रहे हैं।

बुधवार देर शाम आए तेज तूफान ने पूर्वांचल से लेकर मध्य यूपी तक भारी तबाही मचाई। भदोही, प्रयागराज, फतेहपुर, कानपुर देहात, उन्नाव, चंदौली और सोनभद्र समेत कई जिलों में तेज हवाओं ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया। ग्रामीण इलाकों में सबसे ज्यादा नुकसान हुआ, जहां कच्चे मकान और दीवारें गिरने से लोग मलबे में दब गए।

कहां कितनी मौतें

भदोही – 16 मौतें

प्रयागराज मंडल – 16 मौतें

फतेहपुर – 9 मौतें

बदायूं – 5 मौतें

उन्नाव – 4 मौतें

कानपुर देहात – 3 मौतें

चंदौली – 2 मौतें

सोनभद्र – 1 मौत

तेज हवाओं की रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि कई जगह विशाल पेड़ जड़ से उखड़कर सड़कों और घरों पर गिर पड़े। बिजली के खंभे टूटने से कई जिलों में देर रात तक बिजली आपूर्ति ठप रही। गांवों में अफरा-तफरी के बीच लोग रातभर अपने घरों से बाहर सुरक्षित जगह तलाशते नजर आए।

प्रयागराज और कौशांबी में धूलभरी आंधी के बाद तेज बारिश हुई, जिससे कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। वहीं भदोही में सबसे ज्यादा तबाही देखने को मिली। यहां कई कच्चे मकान ढह गए और लोग मलबे में दब गए। राहत और बचाव टीमों ने देर रात तक अभियान चलाकर लोगों को बाहर निकाला।बदायूं में आंधी-तूफान के दौरान हुए हादसों में कई लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। बिसौली थाना क्षेत्र के सिद्धपुर कैथौली गांव में कच्चे मकान की दीवार गिरने से मौसमी (10) और रजनी (9) नाम की दो मासूम बच्चियों की जान चली गई। फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के तारक परोली गांव में ट्यूबवेल के कमरे पर पेड़ गिरने से लक्ष्मी (40) की मौत हो गई। वहीं एक अन्य हादसे में ट्रक चालक योगेश (32) की यूकेलिप्टस का पेड़ गिरने से मौत हो गई। अंशुल शर्मा (22) भी पेड़ गिरने की चपेट में आ गया, जिससे उसकी जान चली गई। वह अपने पिता को खाना देने जा रहा था, तभी रास्ते में हादसा हो गया। फतेहपुर और कानपुर देहात में भी कई दर्दनाक हादसे सामने आए। कहीं पेड़ गिरने से लोगों की जान चली गई तो कहीं दीवार ढहने से पूरा परिवार घायल हो गया। उन्नाव और बदायूं में भी तेज आंधी ने भारी नुकसान पहुंचाया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को तत्काल राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने और घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था करने को कहा गया है। साथ ही फसल और संपत्ति के नुकसान का सर्वे कराने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में भी कई जिलों में तेज आंधी और बारिश की आशंका जताई है। लोगों से खराब मौसम के दौरान घरों में रहने और पेड़ों व कमजोर निर्माणों से दूर रहने की अपील की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button