विविध
Trending

मिडिल ईस्ट तनाव के बीच ओमान तट पर भारतीय जहाज डूबा, ड्रोन हमले की आशंका

मिडिल ईस्ट तनाव के बीच ओमान तट पर भारतीय जहाज डूबा, ड्रोन हमले की आशंका
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच भारत से जुड़ी एक बड़ी समुद्री घटना सामने आई है। ओमान तट के पास संदिग्ध ड्रोन या मिसाइल हमले में गुजरात के सलाया बंदरगाह में पंजीकृत भारतीय कार्गो जहाज ‘हाजी अली’ डूब गया। घटना बुधवार देर रात की बताई जा रही है। जहाज पर मौजूद सभी 14 भारतीय क्रू मेंबरों को ओमान कोस्ट गार्ड ने सुरक्षित बचा लिया। भारत सरकार ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे अस्वीकार्य बताया है।
जानकारी के अनुसार ‘हाजी अली’ नामक कार्गो जहाज सोमालिया से पशुधन लेकर शारजाह जा रहा था। इसी दौरान ओमान तट के पास करीब साढ़े तीन बजे जहाज से किसी संदिग्ध ड्रोन या मिसाइल जैसी वस्तु के टकराने की सूचना मिली। टक्कर के बाद जहाज में भीषण आग लग गई और कुछ ही देर में वह समुद्र में डूबने लगा। संकट संदेश मिलने के बाद ओमान कोस्ट गार्ड ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान चलाया और लाइफबोट के जरिए सभी नाविकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
भारतीय विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को घटना की पुष्टि करते हुए बयान जारी किया। मंत्रालय ने कहा कि व्यावसायिक जहाजों और नागरिक नाविकों को निशाना बनाया जाना गंभीर चिंता का विषय है और ऐसे हमलों को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। मंत्रालय ने सभी भारतीय नाविकों के सुरक्षित होने की जानकारी देते हुए ओमान प्रशासन और कोस्ट गार्ड का आभार भी व्यक्त किया।
यह एक सप्ताह के भीतर गुजरात से जुड़े दूसरे समुद्री हादसे के रूप में सामने आया है। इससे पहले सलाया का ही एक अन्य जहाज ‘अल फैज नूर सुलेमानी-1’ भी क्षेत्रीय संघर्ष के बीच कथित क्रॉसफायर में फंसकर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में डूब गया था। लगातार हो रही घटनाओं ने गुजरात के समुद्री व्यापार और जहाज संचालन से जुड़े कारोबारियों की चिंता बढ़ा दी है।
हमले के पीछे किसका हाथ है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button