उत्तराखंड
Trending

ऑरेंज अलर्ट के चलते देहरादून में 27 जनवरी को स्कूल व आंगनबाड़ी बंद

ऑरेंज अलर्ट के चलते देहरादून में 27 जनवरी को स्कूल व आंगनबाड़ी केंद्र बंद

Schools and Anganwadi Centres Closed in Dehradun on January 27 Due to Orange Alert

देहरादून: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), देहरादून एवं एन.डी.एम.ए. के सचेत – National Disaster Alert Portal द्वारा 26 जनवरी 2026 को जारी अद्यतन मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, 27 जनवरी 2026 को जनपद देहरादून में कहीं-कहीं भारी वर्षा, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर तथा ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मध्यम बर्फबारी की संभावना जताई गई है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन बड़ा कदम उठाते हुए कक्षा 1 से 12 तक के सभी शैक्षणिक संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है।

प्रशासन के अनुसार, वर्तमान में जनपद के समस्त क्षेत्रों में शीतकाल और शीतलहर का प्रभाव बना हुआ है, जिससे संवेदनशील स्थलों पर प्रतिकूल परिस्थितियां उत्पन्न होने और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की आशंका बढ़ जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए छात्रों की सुरक्षा के लिए यह निर्णय लिया गया है।

सरकारी, निजी सभी संस्थान रहेंगे बंद

जारी आदेश के तहत जनपद के सभी शासकीय, गैर-शासकीय एवं निजी स्कूलों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्र 27 जनवरी 2026 को बंद रहेंगे।

अधिकारियों को दिए गए निर्देश

मुख्य शिक्षा अधिकारी, देहरादून एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी, देहरादून को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सभी संबंधित शैक्षणिक संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराएं।

अभिभावकों और नागरिकों से अपील

जिला प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान बच्चों को घर में सुरक्षित रखें और मौसम संबंधी आधिकारिक सूचनाओं पर लगातार नजर बनाए रखें। साथ ही, किसी भी आपात स्थिति में जिला आपदा नियंत्रण कक्ष से संपर्क करने की सलाह दी गई है।

प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने का भी आग्रह किया है, ताकि संभावित जोखिमों से बचा जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button