Breaking News
Trending

पौड़ी में गुलदार का कहर : मकर संक्रांति पर स्नान करने गए युवक को बनाया निवाला

पौड़ी। जनपद में गुलदार के हमले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ताजा मामला इडवालस्यूं पट्टी क्षेत्र के ग्राम पंचायत बाड़ा से सामने आया है, जहां गुलदार ने नेपाल मूल के एक व्यक्ति पर हमला कर उसकी जान ले ली। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।

मकर संक्रांति पर स्नान करने गया था युवक

मिली जानकारी के अनुसार, नेपाल मूल का युवक लक्ष्मण बहादुर (45 वर्ष) मकर संक्रांति के अवसर पर शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे गांव के समीप स्थित पानी के धारे में स्नान करने गया था। इसी दौरान सड़क किनारे घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक उस पर हमला कर दिया।

गुलदार युवक को घसीटते हुए झाड़ियों में ले गया और उसे अपना निवाला बना लिया। बाद में युवक का आधा खाया हुआ शव झाड़ियों में मिला, जिसमें सिर और सीने का हिस्सा गुलदार द्वारा खाया जाना बताया जा रहा है।

देर तक नहीं लौटा तो हुई तलाश

स्थानीय निवासी भास्कर बहुगुणा ने बताया कि लक्ष्मण बहादुर अकेले ही स्नान के लिए गया था। काफी देर तक वापस न लौटने पर साथियों को चिंता हुई। जब वे धारे के पास पहुंचे तो वहां खून और गुलदार के पंजों के निशान दिखाई दिए। कुछ दूरी पर झाड़ियों में युवक का शव बरामद हुआ।

ग्रामीणों में आक्रोश, प्रशासन पर उठे सवाल

घटना के बाद ग्रामीणों में गुस्सा है। लोगों ने प्रशासन और वन विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्षेत्र में पहले भी गुलदार की मौजूदगी की शिकायतें की गई थीं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है और मामले की जांच की जा रही है।

स्कूल जाने वाले बच्चों पर भी खतरा

ग्रामीणों का कहना है कि आज से स्कूल खुल चुके हैं, लेकिन गुलदार के आतंक के चलते बच्चों का स्कूल आना-जाना और ग्रामीणों का खेतों में जाना बेहद जोखिम भरा हो गया है। लोग डर के साये में जीवन जीने को मजबूर हैं।

आदमखोर घोषित कर शूट करने की मांग

ग्रामीणों की एकमात्र मांग है कि गुलदार को आदमखोर घोषित कर उसे शूट करने के आदेश जारी किए जाएं और क्षेत्र में शूटर की तैनाती की जाए, ताकि लोगों को इस दहशत से राहत मिल सके।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button