उत्तराखंड
Trending

जनता की भागीदारी से ही देश होगा स्वच्छ : महापौर

केंद्रीय संचार ब्यूरो द्वारा ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत काशीपुर में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित

काशीपुर, 15 अक्टूबर।
केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी) नैनीताल द्वारा सोमवार को काशीपुर में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के अंतर्गत जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता काशीपुर के महापौर दीपक बाली ने कहा कि भारत सरकार का स्वच्छता अभियान तभी सफल हो सकता है जब इसमें जनसहयोग को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा, “यदि हर व्यक्ति अपने आसपास के तीन घरों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करे, तो हम पूरे देश को स्वच्छ बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम बढ़ा सकते हैं।”

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में ब्लॉक प्रमुख चंद्रप्रभा, सांसद प्रतिनिधि विजय कुमार बॉबी, विषय विशेषज्ञ आयुषि नागर तथा समर स्टडी हॉल ग्रुप ऑफ स्कूल्स की अध्यक्ष मुक्ता सिंह मौजूद रहीं।

विषय विशेषज्ञ आयुषि नागर ने कहा कि अब स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुँच चुका है, आवश्यकता इसे व्यवहार में लाने की है। ब्लॉक प्रमुख चंद्रप्रभा ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक बदलाव की नींव रखते हैं।

सीबीसी की नोडल अधिकारी श्रद्धा गुरुरानी तिवारी ने बताया कि भारत सरकार के निर्देशानुसार 17 सितंबर से विभाग द्वारा विभिन्न जनसहभागिता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। वहीं क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी नीरज कुमार भट्ट ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘बेस्ट ऑफ वेस्ट’ प्रतियोगिता रही, जिसमें स्कूली बच्चों ने कबाड़ से सुंदर सजावटी सामग्री तैयार की।

प्रमुख गतिविधियाँ:

  • “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत विद्यालय परिसर में पौधारोपण।
  • बेस्ट ऑफ वेस्ट प्रतियोगिता में छात्रों द्वारा बेकार सामग्री से सजावटी वस्तुएँ बनाईं।
  • स्वस्थ स्वच्छ बच्चा प्रतियोगिता में नर्सरी से यूकेजी तक के बच्चों को पुरस्कृत किया गया।
  • सफाईकर्मी मीरा देवी और प्रदीप कुमार को स्वच्छता में योगदान के लिए सीबीसी द्वारा सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में हेरिटेज स्कूल के अध्यक्ष राहुल अग्रवाल, प्राचार्य अर्पण शर्मा, सामाजिक कार्यकर्ता भूपेंद्र जड़ौत, दीवान सिंह, ज़िया उल हसन, आशीष स्टीफेंस, सुमन ध्यानी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button