बेकाबू कार की चपेट में आए भाजयुमो महामंत्री जितेंद्र बिष्ट, मौके पर मौत
ट्रांसपोर्ट नगर के पास टेस्ट ड्राइव के दौरान कार ने मचाई तबाही, एक युवक गंभीर रूप से घायल

देहरादून। राजधानी देहरादून में शनिवार रात दर्दनाक सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर दिया। ट्रांसपोर्ट नगर के पास एक सफेद निसान माइक्रा कार ने अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े और पैदल चल रहे लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में केशव विहार, चंद्रबनी निवासी जितेंद्र बिष्ट (भाजयुमो महानगर महामंत्री व डीएवी कॉलेज के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रितिक राजपूत गंभीर रूप से घायल हुआ है। घायल को वेलमेड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत गंभीर है।
पुलिस के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त कार बुड्ढी निवासी मुजम्मिल के नाम पंजीकृत है। वाहन को सेंट ज्यूड चौक स्थित वसीम के वर्कशॉप में मरम्मत के लिए लाया गया था।
जानकारी के मुताबिक, वर्कशॉप कर्मचारी अब्बू मेंटेनेंस चेक के दौरान कार को बाहर लेकर गया था, लेकिन लौटते वक्त उसने नियंत्रण खो दिया और कार लोगों पर चढ़ गई।
मालिक हिरासत में, चालक फरार
पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर वर्कशॉप मालिक वसीम को हिरासत में लिया, जबकि फरार चालक अब्बू की तलाश जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार तेज रफ्तार में थी और अचानक सड़क किनारे लोगों की ओर मुड़ गई।
भाजयुमो में शोक की लहर
जितेंद्र बिष्ट की असमय मौत से भाजयुमो कार्यकर्ताओं और डीएवी कॉलेज छात्र समुदाय में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस तरह की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसे न हों। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



