
रुद्रप्रयाग। गढ़वाल मंडल विकास निगम में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. हरक सिंह रावत ने राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड इस समय गंभीर आपदा की चपेट में है, लेकिन केंद्र और राज्य सरकार की ओर से पर्याप्त सहयोग नहीं मिल रहा है। केंद्र द्वारा घोषित एक हजार करोड़ की सहायता राशि को उन्होंने नाकाफी बताया और कहा कि इतनी रकम से तो कुछ सड़कों की मरम्मत भी संभव नहीं है।
डॉ. रावत ने छेनागाड़ आपदा को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि लापता लोगों की तलाश तेज की जाए और बंद सड़कों को तुरंत खोला जाए। उन्होंने यह भी मांग की कि प्रभावित क्षेत्रों में टूटे मकानों का पुनर्निर्माण सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।
प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि छोटे जिलों तक में अपराध बढ़ रहे हैं। अगस्त्यमुनि जैसी जगह पर चाकूबाजी की घटनाएं होना इस बात का संकेत है कि अपराधियों को कानून का डर नहीं रहा।
पेपर लीक प्रकरण को लेकर रावत ने सरकार पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिना अंदरूनी मिलीभगत के ऐसे मामले संभव ही नहीं होते। “पेपर चोर गद्दी छोड़ो” का नारा लगाते हुए उन्होंने भाजपा नेताओं पर आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस की सरकार बनी तो दोषियों को सख्त सजा दी जाएगी।
चुनाव की तैयारी पर बोलते हुए रावत ने कहा कि पार्टी का जो भी आदेश होगा, उसका पालन किया जाएगा, चाहे खुद चुनाव लड़ना हो या किसी और को। सैनिक स्कूल को लेकर भी उन्होंने भाजपा पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस की सरकार आने पर जनता को केदारनाथ आपदा जैसी मदद मिलेगी।
इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष कुंवर सजवाण, पूर्व राज्य मंत्री देवेंद्र सिंह झिंक्वाण, गीता झिंक्वाण, वीरेंद्र बुटोला सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।




