प्रेमनगर के निजी स्कूल में छात्र से अश्लील हरकतें करने पर प्रधानाचार्य गिरफ्तार

15 वर्षीय छात्र की शिकायत के बाद प्रेमनगर पुलिस की कार्रवाई, पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश कर भेजा गया जेल
देहरादून। राजधानी के प्रेमनगर क्षेत्र स्थित एक निजी स्कूल के प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य के खिलाफ 15 वर्षीय छात्र से जुड़े पॉक्सो एक्ट के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। छात्र के परिजनों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 20 जुलाई को प्रेमनगर निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उनका 15 वर्षीय बेटा पिछले कुछ समय से काफी गुमसुम रहने लगा था। परिवार के पूछने पर छात्र ने स्कूल के प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य डॉ. एस. वोहरा सार्थक के खिलाफ अश्लील हरकतें करने के आरोप लगाए।
शिकायत के आधार पर प्रेमनगर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट की धारा 5(एफ), 6, 7 और 8 के तहत मुकदमा दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने आरोपी डॉ. एस. वोहरा सार्थक (57 वर्ष), स्कूल प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य, कैम्ब्रिज स्कूल, पौंधा-बिधौली, प्रेमनगर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मामले की जांच जारी है।



