केदारनाथ मार्ग पर कार पर गिरा बोल्डर, एक की मौत पांच घायल
कुण्ड और काकड़ागाड़ के बीच हुआ हादसा, उत्तर प्रदेश के निवासी हैं सभी लोग

कीरुद्रप्रयाग : जनपद में रविवार शाम केदारनाथ हाईवे पर एक बड़ा हादसा हो गया। कुण्ड और काकड़ागाड़ के बीच अचानक पहाड़ी से भारी पत्थर गिरने से एक कार उसकी चपेट में आ गई। हादसा इतना भयानक था कि वाहन सड़क किनारे फिसलकर सीधे नदी के पास जा रुका।
घटना की जानकारी मिलते ही डीडीआरएफ , एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। कार में कुल छह लोग सवार थे। सभी को निकालकर 108 एंबुलेंस से अगस्त्यमुनि के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने एक व्यक्ति को मृत घोषित किया, जबकि पांच अन्य उपचाराधीन हैं।
हादसे में मुकेश कुमार (40 वर्ष), पुत्र विजय बहादुर मौर्य, निवासी जैयदपुर, शांति नगर, बाराबंकी, उत्तर प्रदेश की मृत्यु हो गई जबकि अंजलि मौर्य (32 वर्ष), पत्नी मुकेश कुमार, अमोली (5 वर्ष), पुत्री मुकेश कुमार, अरुण मौर्य (40 वर्ष), पुत्र कुंज बिहारी मौर्य, निवासी केशरबाग, लोटेश रोड, लखनऊ , रचना, पत्नी अरुण मौर्य, पिहू (2.5 वर्ष), पुत्री अरुण मौर्य गंभीर घायल हैं।
स्थानीय प्रशासन ने बताया कि हाल के दिनों में क्षेत्र में कई जगहों पर चट्टानें कमजोर हुई हैं। यात्रियों को सलाह दी गई है कि ऐसे संवेदनशील मार्गों से गुजरते समय विशेष सतर्कता बरतें।




