तेज़ रफ्तार कार खड़े ट्रक में टकराई, 6 लोगों की मौत
अस्थि विसर्जन के लिए हरिद्वार जा रहे पूरे परिवार की मौत

मुजफ्फरनगर, 1 अक्टूबर : अस्थि विसर्जन के लिए हरिद्वार जा रहे पूरे परिवार की कार बुधवार तड़के पानीपत-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर खड़े ट्रक से टकरा गई। तेज रफ्तार के कारण हुए इस भीषण हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार यह हादसा उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के तितावी थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह लगभग 5:30 बजे हुआ। कार में सवार लोग हरियाणा के फरीदपुर के निवासी थे। महेंद्र जुनेजा की तीन दिन पहले मृत्यु हुई थी, और उनका परिवार उनकी अस्थि विसर्जन के लिए हरिद्वार जा रहा था। हादसे में महेंद्र जुनेजा के बेटे पीयूष (19), पत्नी मोनिका (40), दो बहनें अंजू और मोहिनी, तथा महेंद्र जुनेजा के जीजा राजेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। कार चला रहा ड्राइवर शिवा भी हादसे का शिकार हो गया। एक बच्चा हार्दिक गंभीर रूप से घायल हुआ है और उसे उपचार के लिए मेरठ रेफर किया गया।
हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीण और तितावी पुलिस मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।



