अन्य प्रदेशअपराध

पत्नी ने तीन बेटियों संग दी जान, पति आंगन में सोता रहा

पति पत्नी के बीच दिल्ली जाकर रहने को लेकर बढ़ा विवाद

बागपत (टिकरी कस्बा)। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में हुई दर्दनाक वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। बुधवार देर रात टिकरी कस्बे के एक घर से तीन मासूम बच्चियों और उनकी मां के शव बरामद हुए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला ने पहले अपनी तीनों बेटियों की जान ली और फिर चुन्नी से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली।

घटना के समय महिला का पति विकास घर के आंगन में पेड़ के नीचे सो रहा था। पड़ोसियों और पुलिस की मौजूदगी में जब रोशनदान से एक बच्चे को अंदर भेजा गया, तब दरवाजा खुला और दिल दहला देने वाला दृश्य सबके सामने आया।  अंदर महिला तेज कुमारी उर्फ माया (29 ), गुंजन ( 7 ), कीटो ( 3 ) और मीरा ( 4 माह ) के शव पड़े हुए थे।

परिवारिक विवाद और शिक्षा का मुद्दा

पड़ताल में सामने आया है कि मृतका तेजकुमारी अपनी बेटियों की बेहतर पढ़ाई के लिए दिल्ली जाकर रहना चाहती थी। जबकि विकास आर्थिक स्थिति का हवाला देकर इसके लिए तैयार नहीं था। बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच आए दिन खटपट रहती थी।

दूसरी शादी और लव मैरिज का एंगल

पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि विकास की यह दूसरी शादी थी और तेजकुमारी से उसने लव मैरिज की थी। परिजनों और रिश्तेदारों का मानना है कि इसी कारण वैवाहिक जीवन में खटपट और अविश्वास की स्थिति बनी रहती थी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसपी बागपत ने कहा कि हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। पड़ताल में नेपाल, पंजाब और दिल्ली कनेक्शन की भी चर्चा सामने आई है, जिसकी तह तक जाने के लिए पुलिस की कई टीमें जुटाई गई हैं।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button