Breaking Newsअन्य प्रदेश
Trending

दुखद: सड़क दुर्घटना में आईटीबीपी के डीआईजी और चालक की मौत, गनर गंभीर

मसूरी से चंडीगढ़ जा रहे थे आईटीबीपी डीआईजी सहारनपुर में डिवाइडर तोड़कर दूसरी कार से भिड़ी स्कॉर्पियो

सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में शनिवार सुबह भीषण सड़क हादसे में आईटीबीपी के डीआईजी परमिंद्र सिंह और उनके चालक कांस्टेबल रविशंकर की मौत हो गई। हादसे में डीआईजी का गनर जयराम गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, आईटीबीपी के डीआईजी परमिंद्र सिंह स्वतंत्रता दिवस की सुबह अपने गनर जयराम और चालक रविशंकर के साथ सरकारी स्कॉर्पियो से मसूरी से चंडीगढ़ जा रहे थे। सरसावा क्षेत्र में एयरबेस स्टेशन के पास हल्की बारिश के दौरान उनकी स्कॉर्पियो सड़क के बीच बने डिवाइडर से टकरा गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर कई बार पलटी और इसके बाद सामने से आ रही स्विफ्ट कार से जा टकराई। हादसे में स्विफ्ट कार में सवार लोग भी घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया।

अस्पताल पहुंचने पर डीआईजी और चालक को मृत घोषित किया

हादसे की सूचना राहगीरों ने पुलिस को दी। इसके बाद सरसावा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को वाहनों से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने डीआईजी परमिंद्र सिंह और चालक रविशंकर को मृत घोषित कर दिया, जबकि गनर जयराम की हालत गंभीर बताई गई है।

डीएम अरविंद चौहान ने बताया कि डीआईजी मूल रूप से पंजाब के रूपनगर (रोपड़) के रहने वाले थे और वर्तमान में जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में तैनात थे। वह मसूरी से ट्रेनिंग पूरी करने के बाद अंबाला जा रहे थे। हादसे में उनके गनर जयराम को भी गंभीर चोटें आई है। 36 वर्षीय जयराम मूल रूप से पटियाला का रहने वाला बताया गया है और उसका उपचार जारी है।

जिस कार से टक्कर हुई, उसमें तीन लोग सवार थे वे भी घायल हुए हैं. इनमें गुरूनानक सिंह (49), देवेन्द्र कौर (55) और गुरुनाम सिंह (55) शामिल हैं. तीनों हरियाणा के करनाल के रहने वाले बताए गए हैं। देवेन्द्र कौर की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों का मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है।

पुलिस ने मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है। श्रीनगर से भी आईटीबीपी की एक टीम सहारनपुर के लिए रवाना हुई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और हादसे के दौरान मौजूद लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button