उत्तराखंडशिक्षा

राज्यपाल ने ‘‘शिक्षा की बात’’ कार्यक्रम का किया शुभारंभ

13 सौ से अधिक विद्यालयों के विद्यार्थियों से किया सीधा संवाद

देहरादून, 23 सितम्बर :  राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने मंगलवार को राजीव गांधी नवोदय विद्यालय, देहरादून से शिक्षा विभाग की अभिनव पहल ‘‘शिक्षा की बात’’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों से जुड़े विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया।

‘‘शिक्षा की बात’’ कार्यक्रम का उद्देश्य प्रदेशभर के विद्यार्थियों को प्रेरणादायी व्यक्तित्वों से सीधे जुड़ने और उनसे मार्गदर्शन प्राप्त करने का अवसर देना है। इस कार्यक्रम का आयोजन प्रत्येक माह के अंतिम सप्ताह में किया जाएगा। इसमें शिक्षाविद्, साहित्यकार, समाजसेवी, वैज्ञानिक, सैन्य अधिकारी और अन्य विशिष्टजन विद्यार्थियों से संवाद करेंगे। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण राजीव गांधी नवोदय विद्यालय स्थित केंद्रीय वर्चुअल स्टूडियो से किया जाएगा, जिसमें 13 सौ से अधिक विद्यालय सीधे जुड़ेंगे।

शुभारंभ अवसर पर चमोली, टिहरी, पिथौरागढ़ सहित कई जिलों के छात्र-छात्राओं ने राज्यपाल से करियर संबंधी प्रश्न पूछे। राज्यपाल ने अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को सफलता के मंत्र बताए। उन्होंने कहा कि शिक्षा की यह पहल बच्चों के भविष्य को नई दिशा देगी और तकनीक का सही उपयोग कर शिक्षा को सभी तक पहुँचाने का सराहनीय प्रयास है।

राज्यपाल ने विद्यार्थियों से बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अतिरिक्त प्रयास ही सफलता की कुंजी है। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को माता-पिता का सम्मान करने, अपनी संस्कृति और परंपराओं को सहेजने तथा राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को निभाने की सीख दी। उन्होंने बच्चों को नशे से दूर रहने की सलाह दी और शिक्षकों से इस दिशा में मार्गदर्शन करने की अपील की।

शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने राज्यपाल का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि हर माह किसी विशिष्ट व्यक्तित्व को संवाद के लिए आमंत्रित किया जाएगा। अगले महीने मुख्यमंत्री विद्यार्थियों से संवाद करेंगे।

कार्यक्रम में सचिव विद्यालयी शिक्षा रविनाथ रामन, महानिदेशक शिक्षा दीप्ति सिंह, प्राथमिक शिक्षा निदेशक अजय नौडियाल, निदेशक एससीईआरटी बंदना गर्ब्याल, जनरल मैनेजर वीईपीएल मानसी शर्मा, प्रोजेक्ट को-ऑर्डिनेटर निखिल राणा, आकाश भड़ाना और रवि झा सहित शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button