
देहरादून। राजपुर थाना क्षेत्र के स्वामी जगदीश हरि ऋषि आश्रम में 11 सितंबर 2025 को कथित तौर पर बाहरी लोगों द्वारा तोड़फोड़ और जबरन कब्जे की कोशिश का मामला सामने आया है। आश्रम के ट्रस्टी सदस्य अनमोल जुनेजा ने थाना राजपुर में तहरीर देकर आरोप लगाया कि लगभग 8-10 लोग हथियार और डंडों के साथ मोटरसाइकिलों व एक ग्रे रंग की स्विफ्ट डिजायर (UK07 BY 6291) कार में आए और आश्रम पर कब्जा करने की कोशिश की।
तहरीर में बताया गया कि इन लोगों ने आश्रम में मौजूद सेवादारों और संतों के साथ मारपीट और गाली-गलौच की। आश्रम के कई कमरों के ताले तोड़े गए और भंडारे की रसोई का सामान, सिलेंडर, दानपात्र समेत अन्य सामान गायब मिला। घटना के दौरान ठाकुरदास सिंगला, योगेश सिंगला और हरचीत सिंह चावला सहित करीब 100-150 लोग मौके पर पहुंचे और जान से मारने की धमकी दी तथा लाइसेंसी हथियार से डराने की कोशिश की।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी पक्षों को चौकी कुठाल गेट ले गई। ट्रस्टी अनमोल जुनेजा ने कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि आश्रम के अन्य ट्रस्टी और सेवादारों के साथ भी मारपीट और उत्पीड़न हुआ। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।




