
देहरादून। राजधानी के जीएमएस रोड स्थित एक जिम में पारिवारिक विवाद खूनी झड़प में बदल गया। शिव कॉलोनी, प्रेमनगर निवासी जिम स्वामी शंकर ने अपनी पत्नी प्रीति बहुगुणा और ससुर संजीव बहुगुणा पर जानलेवा हमले का आरोप लगाते हुए थाना बसंत विहार में तहरीर दी है।
शंकर के अनुसार, 19 अगस्त 2025 की सुबह करीब आठ बजे वह राखी के बाद अपने जिम एसपी-27 डाइनो फिटनेस पर पहुंचे तो उनकी पत्नी और ससुर ने उन्हें देखते ही कहा, “अब यह जिम मेरा है” और थप्पड़ों व लातों से हमला कर दिया। आरोप है कि दोनों ने जिम में रखे रॉड और डम्बल से सिर व छाती पर वार किया, जिससे शंकर के सिर में गहरी चोट और उंगली में छह टांके आए।
बीच-बचाव करने आई शंकर की मां गजना देवी को भी बुरी तरह पीटा गया, उनका कान फट गया और कुण्डल खो गया। शंकर के भाई को रॉड से चोट लगी। ससुर ने शंकर की बुआ मंजू और ममता को भी पीटा, कपड़े फाड़े और अभद्रता की। ममता के सिर व कमर पर ईंट लगने से वह बेहोश हो गईं और अस्पताल में भर्ती हैं।
शंकर का आरोप है कि ससुर ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी और भागते समय 10-15 लड़कों से पीछा करवाया। पीड़ित पक्ष ने घटना के मेडिकल प्रमाण पुलिस को सौंपे हैं। पुलिस ने शिकायत पर जांच शुरू कर दी है।



