15 सितंबर को DM सविन बंसल उटैल में सुनेंगे ग्रामीणों की समस्याएं
बैसोगिलानी मैदान में बहुउद्देशीय शिविर में जनसमस्याओं का मौके पर निस्तारण

देहरादून। जन सुविधाओं को बेहतर बनाने और ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुँचाने के लिए जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में सोमवार, 15 सितंबर को विकासखंड कालसी के ग्राम उटैल स्थित बैसोगिलानी मैदान में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया जाएगा।
मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने बताया कि शिविर में जनपद स्तरीय अधिकारी स्वयं उपस्थित रहकर ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर निस्तारण करेंगे और विभागीय स्टॉल के माध्यम से योजनाओं का प्रचार-प्रसार होगा।
शिविर में समाज कल्याण, महिला कल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा, ग्राम्य विकास, कृषि, खाद्य, सिंचाई, विद्युत, पेयजल, उद्योग और सहकारी विभागों की सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। इसमें वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग, किसान व परित्यक्ता पेंशन, छात्रवृत्ति, राशन कार्ड, स्वरोजगार, रोजगार मेलों, नेत्र परीक्षण, नशामुक्ति काउंसलिंग, पोषण, टीकाकरण और अन्य योजनाओं का लाभ ग्रामीणों को मौके पर मिलेगा।
जिलाधिकारी ने क्षेत्रीय जनता से अपील की है कि वे शिविर में भाग लेकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं और अपनी समस्याओं का समाधान करवाएं।



